
पंजाब और हरियाणा में जोरदार ठंड पड़ रही है, जबकि घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित रहे।
पंजाब और हरियाणा राज्य के ज्यादातर स्थानों का न्यूनतम तापमान सामान्य से कुछ डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने आज बताया कि हरियाणा के नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा और यहां का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री सेल्सियस कम है।
पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंड़ीगढ़ का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है।
हरियाणा के अंबाला का तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि हिसार का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री सेल्सियस कम है।
करनाल का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
अमृतसर, लुधियाना और पटियाला का न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.4 डिग्री सेल्सियस, 6.8 डिग्री सेल्सियस और 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य के अनेक स्थानों में घना कोहरा छाया रहा। घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित रहा।
( Source – PTI )