कोहरे ने ली चार लोगों की जान
कोहरे ने ली चार लोगों की जान

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में छाये गहरे कोहरे के चलते हुए तीन सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गयी।

पुलिस अधीक्षक : अपराध : विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि थाना सूरजपुर क्षेत्र के एलजी गोलचक्कर के पास आज सुबह एक स्कूल बस चालक ने तेजी व लापरवाही से बस चलाते हुए मोटरसाइकिल पर सवार इंजीनियरिंग के छात्र को कुचल दिया। इस घटना में छात्र राजीव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गेट्रर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक छात्र पंजाब के अमृतसर का रहने वाला था।

वहीं जनपद मथुरा के थाना सुरील क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर गहरे कोहरे के चलते आज सुबह आधा दर्जन वाहन आपस में टकरा गये। थाना सुरील में तैनात दरोगा नीरज कुमार ने बताया कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक वाल्वो बस आगे चल रही थी। धुंध के चलते उसने अचानक ब्रेेक मारा। वाल्वो के पीछे आ रही एक अन्य बस उससे टकरा गयी। इसी बीच उसके पीछे आ रहा एक ट्रक बस से टकरा गया। ट्रक के पीछे आ रहा दूसरा ट्रक भी टकरा गया। ट्रक के पीछे आ रही एक एक्सवी कार, स्विफ्ट डिजायर कार, होंडा सिटी कार आपस में टकराती चली गयी।

इस घटना में सुमित नारायण की मौके पर मौत हो गयी। जबकि सुरेश, रामलखन, प्रदीप, कलावती, उर्मिलेश, रामनयन सहित दर्जनभर लोग घायल हो गये। उन्हें मथुरा व गेट्रर नोएडा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस घटना के चलते यमुना एक्सप्रेस-वे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

नोएडा प्राधिकरण में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत दुर्गेश, गजब सिंह सहित 6 लोग एक शादी में भाग लेने के लिए आगरा गये हुए थे। आज सुबह ये लोग स्कार्पियो कार में सवार होकर आगरा से नोएडा की तरफ आ रहे थे। जैसे ही वे आगरा से यमुना एक्सप्रेसवे पर चढ़े आगे चल रहे एक ट्रक से कोहरे के कारण उनकी कार टकरा गयी। इस घटना में दुर्गेश और गजब सिंह की मौत हो गयी जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।

( Source – PTI )

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *