नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री एम जे अकबर विदेश दौरे से वापस भारत लौट चुके हैं। बता दें कि उन पर यौन शोषण का आरोप लगा है। मीडिया से घिरे एम जे अकबर से जब पूछा गया कि वे इन आरोपों पर क्या बयान देना चाहेंगे इस पर उन्होंने कहा कि वे बाद में इस पर अपना बयान जारी करेंगे। वे अफ्रीका दौरे पर थे जहां से वे रविवार की सुबह भारत लौटे हैं। मीडिया को उनके जवाबों के बेसब्री से इंतजार था ऐसे में उनके आते ही मीडिया ने घेर लिया। 

इसके बाद वरिष्ठ पार्टी नेताओं से मिलकर वे इस पूरे मामले पर अपना जवाब दे सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक मोदी कैबिनेट में मंत्री पद पर काबिज अकबर के खिलाफ आरोपों से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक वरिष्ठ मंत्रियों ने पूर्व में ही इस बात के संकेत दिए हैं कि इन आरोपों के बाद अकबर को मंत्री पद से हटाया भी जा सकता है।