
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में पुलिस ने तीन महिला नक्सलियों समेत सात नक्सलियांे को गिरफ्तार किया।
नारायणपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने आज भाषा को दूरभाष पर बताया कि जिले के धनोरा थाना क्षेत्र से पुलिस ने तीन महिला नक्सलियों समेत सात नक्सलियों को गिरफ्तार किया।
अधिकारियों ने बताया कि गत शनिवार पुलिस दल को धनोरा और ओरछा क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था।
रविवार को टेकानार गांव के नजदीक नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी की, पुलिस दल की जवाबी कार्रवाई में नक्सली वहां से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस दल ने घेराबंदी कर तीन महिलाओं समेत सात लोगों को पकड़ लिया था।
पकड़े गए नक्सलियों ने पूछताछ में बताया कि वह क्षेत्र में पुलिस दल पर हमले और आगजनी समेत कई नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह लंबे समय से माओवादियों के साथ हैं। इनमें से एक नक्सली ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था। बाद में वह फिर से नक्सलियों में शामिल हो गया।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को धनोरा और ओरछा क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।
( Source – PTI )