
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में जीवित पुत्रिका व्रत के मौके पर गंगा और घाघरा नदी में नहाने गये दो लड़कों की डूबने से मौत हो गयी तथा दो लड़कियां लापता हो गयीं।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि बैरिया थाना क्षेत्र के मधुबनी गांव का निवासी दुर्गेश :17: कल जीवित पुत्रिका व्रत के दिन नहाते समय घाघरा नदी की भागड़ नहर में और नरही थाना क्षेत्र के पीपरा कलां गांव का निवासी रोशन शर्मा :12: गंगा नदी के बड़का खेत घाट पर नहाते समय डूब गये।
पुलिस ने दोनांे के शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये हैं।
एक अन्य हादसे में दुबहड़ थाना क्षेत्र के शिवपुर दीयर नई बस्ती के बयासी गांव की रहने वाली दलपतिया :17: और उसकी बहन रोमनी :16: अपनी मां के साथ गंगा नदी के नगवा घाट पर नहाने गयीं थीं। इस दौरान दोनों बहनें गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगीं।
उन्होंने बताया कि दोनों लड़कियों की मदद की गुहार सुनकर मौके पर पहुंचे मल्लाहों ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है लेकिन इन पंक्तियों के लिखे जाने तक सफलता नहीं मिली थी।