मेक इन इंडिया की कल्पना झारखंड के बिना अधूरी: रघुवर
दुमका, मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड पूरे देश का पावर प्वांइट है। इसके बिना मेक इन इंडिया की कल्पना नहीं की जा सकती। श्री दास शनिवार को दुमका के मलुटी स्थित अग्रसेन भवन में भाजपा के प्रमंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि यह सभी जानते है कि मलुटी में बहुत समस्याएं है, लेकिन 14 साल की समस्या को पांच माह में खत्म नहीं किया जा सकता। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को सरकारी योजनाओं को गांव-गांव पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने लोगों से 121 पर फोन कर अपनी समस्या बताने को कहा।मौके पर संताल परगना कॉलेज के प्रचार्य सुरेन्द्र झा ने मुख्यमंत्री को मलुटी पर लिखी पुस्तक भेंट की। पुस्तक का विशलेषण करते हुए श्री झा ने बताया कि 26 जनवरी को दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह में झारखंड की मलुटी पर आधारित झांकी को दूसरा स्थान मिला था। उस झांकी का थीम इसी पुस्तक से लिया गया था। सम्मेलन में श्रम मंत्री राज पालिवार, समाज कल्याण मंत्री लुईस मरांडी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।