नई दिल्ली : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की नगरी अयोध्या में मंगलवार को देव दीपावली के दिन तीन लाख दीपों से सरयू तट पर आरती करेंगे। आपको बता दें कि सरयू तट के दीपोत्सव में मुख्यमंत्री के साथ कोरिया की प्रथम महिला किम जोंग सुक, उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक, बिहार के राज्यपाल लालजी टण्डन भी सरयू आरती में शामिल होंगे।उन्होंने बताया कि भगवान राम, लक्ष्मण एवं सीता के स्वरूप का मुख्यमंत्री स्वागत करेंगे। इस मौके पर हेलीकाप्टर से अयोध्या नगरी में पुष्प वर्षा भी होगी। देव दीपावली की तैयारियां पूरी हो गई हैं। अपरान्ह एक बजे से चार बजे तक प्रभु श्रीराम के विभिन्न लीलाओं की पन्द्रह झांकियां मुख्यमार्ग से निकाली जायेंगी जो नयाघाट पहुंचेगी। जिसमें 11 झांकियों में स्थानीय कलाकार तथा चार झांकियों में विदेश से आए कलाकार झांकियों की शोभा बढ़ाएंगे।सूत्रों के अनुसार इसमें कोरिया, रूस, लाओस, इंडोनेशिया, त्रिनिदाद और टोबैगो आदि देश के कलाकार भी शामिल होंगे। अपरान्ह दो बजे क्वीन हो मेमोरियल के निकट कोरिया सांस्कृतिक दल द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जायेगी। अपरान्ह तीन बजे रामकथा संग्रहालय में रामबाजार का उद्घाटन होगा। जिसमें अयोध्या शोध संस्थान में हस्तशिल्प प्रदर्शनी, रामायण, रामकथा से सम्बन्धित पुस्तक प्रदर्शनी व राम वनगमन की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है।