नई दिल्लीः बंगाल की खाड़ी पर बन रहे दबाव के कारण आए चक्रवाती तूफान तितली ने बुधवार को प्रचंड रूप ले लिया और यह ओडिशा-आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ रहा है जिससे ओडिशा के कई हिस्सों में बारिश हुई। भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवातीय तूफान के 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गुरुवार सुबह तक ओडिशा के गोपालपुर और आंध्र प्रदेश के कलिंगापत्तनम के बीच पहुंचने की संभावना है।

विभाग ने एक बुलेटिन में कहा कि तितली 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ आगे बढ़ा और उसने प्रचंड चक्रवातीय तूफान का रूप ले लिया तथा यह ओडिशा में गोपालपुर से करीब 370 किमी. दूर दक्षिण- दक्षिा पश्चिम में बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य क्षेत्र पर मंडरा रहा है।

इसमें कहा गया कि इसके अगले 18 घंटे के दौरान और प्रचंड रूप लेने की आशंका है। चक्रवात के उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ने और गुरुवार सुबह तक गोपालपुर और कलिंगापत्तनम के बीच ओडिशा तथा आंध्र प्रदेश के उत्तरी तट को पार करने की आशंका है। भुवनेश्वर में मौसम केंद्र के निदेशक एच आर बिस्वास ने पीटीआई-भाषा को बताया कि इसके बाद चक्रवात के ओडिशा पार करके पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ने की संभावना है तथा उसके बाद यह धीरे-धीरे कमजोर हो जाएगा।