नई दिल्लीः दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। मंगलवार को यमुना का जलस्तर 205.24 था और यह लगातार बढ़ रहा है।

न्यूज एजेंसी एएनआई के ट्वीट के मुताबिक हरियाणा के हथिनी कुंड से बुधवार सुबह 6 बजे 28253 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जिसके चलते इसका जलस्तर और बढ़ सकता है। यमुना के आसपास अलर्ट जारी कर दिया गया है।

वहीं मंगलवार दोपहर 2 बजे तक हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से करीब 11,19,430 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। बता दें कि यमुना में चेतावनी का स्तर 204 मीटर है और खतरे के निशान का स्तर 204.83 मीटर है।

दूसरी ओर राजधानी में सितंबर माह की बारिश ने पिछले आठ साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। दिल्ली में सोमवार सुबह तक 224.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इससे पहले वर्ष 2011 में सितंबर माह में 225.2 मिलीमीटर बारिश हुई थी। बंगाल की खाड़ी में बने कम हवा के दबाव क्षेत्र के बाद से उठी मानसूनी हवा बीते चार दिनों से दिल्ली को भिगो रही हैं। सोमवार को भी दिनभर बारिश होती रही। मौसम विभाग ने अगले दो दिन बारिश की उम्मीद जताई है।