नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सली हमले में पांच जवान समेत एक नागरिक घायल है। बताया जा रहा है कि दो जवानों की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि ये जवान 12 नवंबर को पहले चरण का चुनाव संपन्न कराकर अपने कैंप की तरफ लौट रहे थे। बीजापुर में नक्सली हमले के बारे में बताते हुए एंटी नक्सली ऑपरेशंस के डीआईजी पी सुंदर राज ने विस्तार से जानकारी दी।

इस घटना में सीमा सुरक्षा बल के 414 बटालियन के चार जवान, एक डीआरजी का जवान और एक नागरिक घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में इस महीने की 12 तारीख को पहले चरण का मतदान होने के बाद सुरक्षा बलों को वहां से बाहर निकाला जा रहा है। आज जब बल के जवान एक वाहन में सवार होकर जा रहे थे तब नक्सलियों ने बीजापुर घाटी में बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया।

इस घटना में चार बीएसएफ जवान, एक डीआरजी का जवान और एक नागरिक ट्रक चालक घायल हो गया। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के लिए अतिरिक्त बल रवाना किया गया तथा घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।