नई दिल्ली : समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव के 80 वें जन्मदिवस पर सैफई न आने से प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव आहत दिखे। काफी इंतजार के बाद उन्होंने चंदगीराम स्टेडियम में केक काटा और फिर भड़ास निकालते हुए कहा कि नेताजी चापलूसों और चुगलखोरों के चक्कर में हैं। निमंत्रण दिया था तो उन्हें सैफई आना चाहिए था। उन्होंने कहा कि नेताजी अब उनकी पार्टी से चुनाव लड़ें क्योंकि नेता जी का सपा में अपमान हुआ है। उनके साथ रहने की वजह से मेरा भी अपमान हुआ है अन्यथा मेरा तो कोई झगड़ा नहीं था। उन्होंने नेताजी को सलाह दी कि चापलूस व चुगलखोरों से दूर रहें।

माहौल बिगाड़ रहीं सांप्रदायिक ताकतें

आज देश का माहौल खराब किया जा रहा है। सांप्रदायिक शक्तियां देश में बुरी तरह से हावी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार में आने के बाद जिम्मेदारी बढ़ जाती है और सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए। सभी धर्मों को मानने वाले लोग आतंकवादी नहीं हो सकते हैं। राम मंदिर का मामला सुप्रीम कोर्ट में है तो भी बहुत से लोग मंदिर बनाने की बात कह रहे हैं। विवादित जगह पर मंदिर नही बनना चाहिए। हमारा देश धर्मनिरपेक्ष देश है। कुछ लोग दंगा करवाकर आपस में लड़वाना चाहते हैं।