नई दिल्ली : योगी मंत्रिमंडल में फेरबदल की सुगबुगाहट लंबे समय से चली आ रही है। शुभ मुहूर्त को लेकर कयास लगते हैं और मंत्री बनने के लिए पेशबंदी में जुटे कुछ नेता भी इस तरह की सुगबुगाहट को हवा देते हैं। एक बार फिर दावा किया जा रहा है कि दीपावली तक उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल में बदलाव हो सकता है।फेरबदल के तहत कुछ नए लोगों को शपथ दिलाई जा सकती है। कुछ के विभाग बदले जा सकते हैं और कुछ लोगों को प्रोन्नत किया जा सकता है। स्वतंत्र प्रभार के तीन-चार राज्य मंत्रियों को कैबिनेट का दर्जा दिया जा सकता है। इनमें स्वतंत्र देव सिंह, महेंद्र सिंह, सुरेश राणा और उपेंद्र तिवारी के नाम शामिल हैं। बेसिक शिक्षा और सहकारिता समेत कुछ विभागों में फेरबदल भी हो सकता है। संगठन में प्रभावी भूमिका निभा रहे प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, अशोक कटारिया और विद्यासागर सोनकर जैसे कुछ लोगों को शपथ दिलाई जा सकती है.