नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों को नया भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि भारत व्यापक बदलाव के दौर से गुजर रहा है और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों का कहना है कि आने वाले दशक में भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था की अगुवाई करेगा। मोदी 13वें भारत-जापान सालाना शिखर सम्मेलन में भाग लेने शनिवार को यहां पहुंचे। उन्होंने अपने चार साल के कार्यकाल के दौरान देश के आर्थिक और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रगति का जिक्र किया।

उन्होंने कहा, भारत अभी व्यापक बदलाव के दौर से गुजर रहा है। विश्व मानवता के प्रति भारत के योगदानों की सराहना कर रहा है। देश को लोक कल्याण की दिशा में किये गये कार्यों और उसकी नीतियों का पुरस्कार मिल रहा है। मोदी ने कहा कि भारत हमेशा भारतीय समाधान-वैश्विक उपादान की भावना के साथ काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेश का भारतीय तरीका विशेषकर जन धन योजना-मोबाइल-आधार की तिकड़ी और डिजिटल लेन-देन के प्रारूप को दुनिया भर में अब सराहा जा रहा है।

उन्होंने देश में दूरसंचार और इंटरनेट के बढ़ते नेटवर्क की सराहना की। मोदी ने कहा, भारत आज के समय में डिजिटल के क्षेत्र में शानदार प्रगति कर रहा है। ब्राडबैंड अब गांवों में पहुंच रहा है और देश में 100 करोड़ से अधिक सक्रिय मोबाइल उपभोक्ता हैं। एक जीबी डेटा शीतलपेय की छोटी बोतल से भी सस्ता है। यह डेटा सेवाओं को लोगों तक पहुंजाने का जरिया बन रहा है। ‘मेक इन इंडिया मुहिम के बारे में मोदी ने कहा कि यह मुहिम वैश्विक ब्रांड बनकर उभरा है।