नई दिल्ली : भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज ने पहली पारी में शनिवार को 6 विकेट पर 127 रन बना लिए हैं। रोस्टन चेज और कीमो पॉल क्रीज पर हैं। वेस्टइंडीज पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है। इसे टालने के लिए उसे 450 रन का आंकड़ा छूना होगा। इससे पहले शुक्रवार को भारत ने नौ विकेट पर 649 रन बनाकर पहली पारी घोषित कर दी। पृथ्वी शॉ, कप्तान विराट कोहली और रविंद्र जडेजा ने शतक लगाए। विराट ने अपना 24वां शतक लगाया। वेस्टइंडीज ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पहली पारी में छह विकेट पर 94 रन बनाए थे।वेस्टइंडीज की पारी के तीसरे ओवर में मोहम्मद शमी ने कप्तान कार्लोस ब्रैथवेट को दो रन के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर दिया। शमी ने अपने अगले ओवर में काइरेन पावेल को एलबीडब्ल्यू किया। पावेल सिर्फ एक रन ही बना सके थे। इस विकेट का फैसला रिव्यू से आया। पहले अंपायर ने पावेल को नॉटआउट दिया था, लेकिन भारत ने रिव्यू लिया। इसके बाद अंपायर ने पावेल को पवेलियन की ओर जाने का इशारा किया। शाई होप को रविचंद्रन अश्विन ने बोल्ड किया। शर्मोन हेटमायर को 10 रन के निजी स्कोर पर रविंद्र जडेजा ने सीधे थ्रो पर रन आउट कर दिया। अंबरीश भी जडेजा की गेंद पर रहाणे को स्लिप में कैच दे बैठे। शेन डॉवरिच कुलदीप यादव की गेंद पर बोल्ड हो गए। उस समय उनका निजी स्कोर 10 रन था।