नई दिल्लीः जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में शुक्रवार को आतंकियों की गोलीबारी में एक राजनीतिक पार्टी के दो कार्यकर्ताओं की मौत हो गई। जिन कार्यकर्ताओं की मौत हुई है उनकी पहचान नाजिर अहमद और मुश्ताक़ अहमद के रूप में हुई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने हिन्दुस्तान टाइम्स से बातचीत में बताया कि दोनों कार्यकर्ता नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी से जुड़े हुए थे। हालांकि पार्टी ने अभी तक इस बारे में कोई पुष्टी नहीं की है। इस गोलीबारी में तीन लोग घायल भी हो गए।

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक गोलीबारी श्रीनगर के करफाली मोहल्ले में की गई। गोलीबारी में घायल तीनों लोगों को घायल अवस्था में एसएमएचएस अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। घटना के बाद दोनों बंदूकधारी भाग गए। सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद पूरे इलाके में सघन जांच अभियान छेड़ दिया गया है।