मुंबई: केदारनाथ धाम में कुछ साल पहले आये सैलाब के बाद हुई तबाही ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था। इलाक़े के सैकड़ों गांव पानी में बह गये थे और हज़ारों लोग बेघर हुए थे। ज़िंदगी को पटरी पर लौटने में कुछ साल लगे। पहाड़ों पर बादल फटने से आये इस सैलाब की पृष्ठभूमि पर अभिषेक कपूर ‘केदारनाथ’ शीर्षक से फ़िल्म लेकर आये हैं, जो 7 दिसम्बर को सिनेमाघरों में आ रही है।

अभिषेक की ‘केदारनाथ’ पूरी तरह आपदा (Disaster) फ़िल्म नहीं है, बल्कि आपदा की पृष्ठभूमि में समाज के दो विपरीत छोरों पर खड़े युवाओं की प्रेम कहानी है। मगर, इस प्रेम कहानी में ‘केदारनाथ’ की प्राकृतिक आपदा अहम रोल निभा रही है। ‘केदारनाथ’ से सैफ़ अली ख़ान की बेटी सारा अली ख़ान सिनेमा की दुनिया में आधिकारिक तौर पर क़दम रख रही हैं। सुशांत सिंह राजपूत इस फ़िल्म के नायक हैं, जिन्होंने अभिषेक की ही फ़िल्म ‘काय पो छे’ से टीवी के बाद बॉलीवुड में अपनी पारी शुरू की थी।’केदारनाथ’ के ट्रेलर से अंदाज़ा लग जाता है कि फ़िल्म में सैलाब के हैरतअंगेज़ दृश्य पर्दे पर दिखायी देंगे। इन दृश्यों के ज़रिए दर्शक पहली बार पर्दे पर इस विपदा से रू-ब-रू होंगे। यह दूसरी बार है, जब देश में आयी किसी प्राकृतिक आपदा पर फ़िल्म बनायी गयी हो। पहली बार यह कोशिश कुणाल देशमुख ने की थी, जिनके निर्देशन में बनी ‘तुम मिले’ 2009 में रिलीज़ हुई। ‘तुम मिले’ भी एक लव स्टोरी थी, मगर इसकी पृष्ठभूमि में मुंबई की जुलाई 2005 की बाढ़ थी, जिसने सपनों के इस शहर को पानी-पानी कर दिया था। फ़िल्म में इमरान हाशमी और सोहा अली ख़ान ने मुख्य भूमिकाएं निभायी थीं। सारा और सोहा का सैलाब की इस डोर से भी एक रिश्ता जुड़ता है।