परमाणु कार्यक्रम का किसी अन्य देश से कोई संबंध नहीं : एज़ाज़ अहमद
इस्लामाबाद,। वॉशिंगटन दौरे पर गए पाकिस्तान के विदेश सचिव एज़ाज़ अहमद चौधरी ने कहा है कि पाकिस्तान सऊदी अरब या किसी अन्य देश को परमाणु हथियार मुहैया नहीं कराएगा।जानकारी के अनुसार, पाकिस्तानी विदेश सचिव एज़ाज़ अहमद चौधरी ने यह बात व्हाइट हाउस, पेंटागन और अमरीकी विदेश मंत्रालय में अमरीकी अधिकारियों से मुलाकात के बाद कही। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का परमाणु कार्यक्रम किसी अन्य देश को बेचने या देने की ख़बरें बेबुनियाद हैं। एजाज ने कहा कि ‘पाकिस्तान के परमाणु कार्यक्रम का किसी अन्य देश से कोई संबंध नहीं हैं।’
पाकिस्तानी विदेशी सचिव ने कहा कि पाकिस्तान का परमाणु कार्यक्रम सिर्फ़ और सिर्फ़ देश की सुरक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि परमाणु मुद्दे पर पाकिस्तान सऊदी अरब से कोई बातचीत नहीं कर रहा है।इसके साथ ही, उन्होंने भारत की तरफ़ इशारा करते हुए कहा कि पाकिस्तान के परमाणु हथियार ‘पूर्व की तरफ़ से पैदा ख़तरे’ का मुक़ाबले करने के लिए हैं। उन्होंने ये भी भरोसा दिलाया कि पाकिस्तानी परमाणु हथियार चरमपंथियों से सुरक्षित रखे जाएंगे।