दिल्ली में तेज धूप और गर्म हवाओं से मिलेगी राहत : मौसम विभाग
नई दिल्ली,। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है । भीषण गर्मी लोगों के जन जीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रही है। गर्म हवाओं के कारण दिन-प्रतिदिन तापमान बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने इस गर्मी से राहत मिलने की आशंका व्यक्त की है।मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेसि और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेसि दर्ज किया गया है जबकि आर्द्रता 35 प्रतिशत है वहीं हवा की गति 19 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अधिकारी का कहना है कि राजधानी में आज दिन में बादल छाए रहने और धूल भरी आंधी चलने की आशंका है। वहीं, कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी हो सकती है। जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
गौरतलब है कि दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, हवा में आर्द्रता का अधिकतम स्तर 54 प्रतिशत दर्ज किया गया जो बुधवार से चार प्रतिशत अधिक है।