
चुनाव बाद सर्वेक्षणों (एग्जिट पोल्स) में आज कहा गया कि गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा फिर स्पष्ट बहुमत प्राप्त करेगी।
राज्य में आज दूसरे और अंतिम दौर का मतदान संपन्न होने के तुरंत बाद अलग-अलग एग्जिट पोल आए। एक एग्जिट पोल में कहा गया है कि गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 115 और कांग्रेस को 65 सीटें मिलेंगी।
वहीं, एक अन्य एग्जिट पोल में कहा गया कि सत्तारूढ़ गठबंधन को 108 सीट मिलेंगी तथा विपक्षी कांग्रेस की झोली में 74 सीट आ सकती हैं।
अन्य एग्जिट पोल में भी भाजपा की स्पष्ट जीत का अनुमान व्यक्त किया गया है। टाइम्स नाउ-वीएमआर के एग्जिट पोल में कहा गया कि राज्य में भाजपा को 115, कांग्रेस को 64 तथा शेष सीट अन्य दलों को मिल सकती हैं।
रिपब्लिक-सी वोटर के एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा को 108 और कांग्रेस को 74 सीट मिलने का अनुमान है।
एबीपी-सीएसडीएस के चुनाव बाद सर्वेक्षण के अनुसार भाजपा को 117 और कांग्रेस को 64 सीट मिल सकती हैं।
वहीं, एनडीटीवी पर आए एक एग्जिट पोल में कहा गया कि भाजपा को 112 तथा कांग्रेस को 70 सीट मिल सकती हैं।
इंडिया टुडे के ‘आज तक’ के चुनाव बाद सर्वेक्षण के अनुसार भी भाजपा सत्ता पर फिर से कब्जा हासिल करेगी।
इसने कहा कि भाजपा को 99 से 113 सीट मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस के खाते में 68 से 82 सीट जाने का अनुमान है। गुजरात में सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को 92 सीट जीतने की आवश्यकता है।
वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 115, कांग्रेस को 61 तथा अन्य को छह सीट मिली थीं।
( Source – PTI )