
गोवा पुलिस ने राज्य की बाल अदालत से उत्तरप्रदेश की समाजवादी पार्टी के विधायक महेंद्र कुमार सिंह से जुड़ा मामला बंद करने की अनुमति मांगी है। महेंद्र पर वर्ष 2013 में अनैतिक देहव्यापार रोकथाम कानून के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पणजी के पुलिस निरीक्षक सिद्धार्थ शिरोडकर ने आज कहा, ‘‘ हमने साक्ष्यों के अभाव के चलते हाल ही में गोवा बाल अदालत के समक्ष मामले को बंद करने का अनुरोध किया है। ’’ महेंद्र को अगस्त 2013 में पांच अन्य लोगों के साथ उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब पुलिस ने पणजी में एक डांस पार्टी पर छापा मारा था। छापेमारी के दौरान छह लड़कियों को छुड़ाया गया था।
सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार रोकथाम कानून के तहत मामला दर्ज किया गया था और बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी।
बाद में महेंद्र ने इस अपराध में अपनी संलिप्तता से इंकार किया था और दावा किया था कि उनके एक दोस्त ने उन्हें वहां जन्मदिन की पार्टी के लिए बुलाया था और वह पुलिस की छापेमारी से कुछ ही समय पहले वहां पहुंचे थे।
( Source – पीटीआई-भाषा )