
सहारनपुर में हिंसा फैलाने के आरोप में जेल में बंद भीम आर्मी के प्रमुख चन्द्रशेखर उर्फ रावण पर सहारनपुर पुलिस ने रासुका की कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने बताया कि रासुका की यह कार्रवाई पहले से ही चल रही थी और अब जिलाधिकारी के हस्ताक्षर के बाद भीम आर्मी के संस्थापक चन्द्रशेखर उर्फ रावण को रासुका में निरूद्ध किया गया है। जिला जेल में इसको आज तामिल भी करा दिया। चन्द्रशेखर उर्फ रावण और भीम आर्मी सहारनपुर में भडकी जातीय हिंसा के बाद से ही चर्चा में आई थी। गुरूवार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने चंद्रशेखर उर्फ रावण को जमानत दे दी थी।
कुमार ने बताया कि सहारनपुर में गत 9 मई को हुई जातीय हिंसा में आठ स्थानों पर भीम आर्मी के सदस्यों ने उत्पात मचाते हुए कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया था और एक पुलिस चौकी को आग लगा दी थी।
इस मामले मे पुलिस ने भीम आर्मी प्रमुख चन्द्रशेखर सहित कई पदाधिकारियों को नामजद करते हुए थाना देहात कोतवाली मे मुकदमे दर्ज किये थे। पुलिस ने भीम आर्मी के पदाधिकारियों को उस वक्त गिरफ्तार कर लिया था जबकि चन्द्रशेखर फरार हो गया था। चन्द्रशेखर को एक माह बाद हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया गया था। तब से ही चन्द्रशेखर सहारनपुर जेल में बंद है।
( Source – PTI )