
राज्यसभा सदस्य शांताराम नायक को आज गोवा में कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वह लुइझिनो फलेरियो के स्थान पर यह जिम्मेदारी संभालेंगे जिन्होंने पिछले माह इस्तीफा सौंपा था।
एआईसीसी महासचिव जनार्दन द्विवेदी द्वारा जारी एक बयान के अनुसार Þ Þकांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गोवा प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष लुइझिनो फलेरियो की जगह शांताराम लक्ष्मण नायक को तुरंत प्रभाव से नियुक्त करने के सुझाव को स्वीकार कर लिया है। Þ Þ इसमें कहा गया कि नायक पहले भी गोवा पीसीसी के अध्यक्ष रह चुके हैं।
इस बीच कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रतिमा बेट्सी काउंटिन्हो को गोवा महिला कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया। द्विवेदी ने एक अन्य बयान में यह जानकारी दी।
गांधी ने चित्रा सरवरा को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की सोशल मीडिया इकाई का प्रभारी नियुक्त किया।
नायक का राज्यसभा का कार्यकाल 28 जुलाई को समाप्त हो रहा है और वह कल पीसीसी अध्यक्ष का प्रभार संभालेंगे।
उल्लेखनीय है कि फलेरियो ने अपना इस्तीफा 23 जून को सौंपा था।