
दिल्ली विधानसभा के भीतर कार्यवाही के दौरान आज दो लोगों ने कागज उड़ाये जिसके कारण वहां झड़प के हालात पैदा हो गये। बाद में आप विधायकों ने दोनों की कथित रूप से पिटाई कर दी।
पगड़ी पहने दो लोग सदन की दर्शक दीर्घा में बैठे हुए थे। अचानक उन्होंने सदन के भीतर कागज उड़ाया और Þइंकलाब जिंदाबाद Þ का नारा लगाया।
विघ्न के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मी दोनों को बाहर ले जाने लगे, जबकि आप विधायकों ने सदन की सुचिता भंग करने को लेकर दोनों के खिलाफ कड़ी कार्वाई की मांग की।
दोनों युवकों की पहचान राजन कुमार और जगदीप राणा के रूप में हुई है। कागज की जहाज भीतर एक नोट छपा हुआ था, जिसके अनुसार, दोनों युवक आप कार्यकर्ता हैं और अरविन्द-केजरीवाल नीत पार्टी से नाखुश हैं। उन्होंने दिल्ली के मंत्री सत्येन्द्र जैन के खिलाफ भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया।
दोनों युवकों को जब बाहर ले जाया जा रहा था, उसी दौरान नितिन त्यागी, अमानतुल्ला खान और जरनैल सिंह सहित आप के विभिन्न विधायक बाहर निकल आये और कथित रूप से उनकी पिटाई कर दी।
विधानसभा परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने हंगामे को शांत करवाने का प्रयास किया। करीब आधे घंटे के बद सदन में शांति हुई।
घटना के बाद सदन की कार्यवाही कुछ देर के लिए स्थगित किये जाने के बाद वापस बहाल हो गयी।
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष राम निवास गोयल ने बाद में सदन में हंगामा करने वाले दोनों प्रदर्शनकारियों को एक माह कारावास की सजा सुनायी।
हंगामे के बाद कार्यवाही के दौरान आप विधायक सौरभ भारद्वाज ने दोनों के खिलाफ कड़ी कार्वाई की मांग करते हुए एक प्रस्ताव रखा जिसका वहां मौजूद आप और भाजपा विधायकों ने समर्थन किया। इसके बाद अध्यक्ष ने कारावास का आदेश सुनाया।
झड़प के दौरान चोट खाने वाले एक व्यक्ति को मेडिकल एम्बुलेंस में ले जाया गया।
( Source – PTI )