भारत में स्काउट्स के लिये कार्यशालाओं का संचालन करेंगे डेरेक ब्राग
नई दिल्ली,। भारत में फुटबाल की नयी प्रतिभायें तलाशने की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिये ब्रिटेन के मशहूर फुटबाल कोच की सेवायें ली जायेंगी। राष्ट्रीय कोच स्टीफन कोंस्टेंटाइन ने आज यह जानकारी दी। विश्व कप 2010 क्वालीकिफेशन में पुर्तगाल की मदद करने वाले डेरेक ब्राग जुलाई में यहां आयेंगे और भारत में स्काउट्स के लिये कार्यशालाओं का संचालन करेंगे।कोंस्टेंटाइन ने कहा, ”वह इंग्लिश प्रीमियर लीग स्तर पर काफी प्रतिभाशाली स्काउट है। वह दो तीन दिन के लिये भारत आयेंगे और हमारे स्काउट्स को प्रशिक्षण देंगे।’’ भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अभिषेक यादव को हाल ही में स्काउटिंग निदेशक नियुक्त किया गया। भारत 2017 फीफा अंडर 17 विश्व कप का मेजबान है। अंडर 17 विश्व कप में भारत की संभावनाओं के बारे में कोंस्टेंटाइन ने कहा, ”यह काफी कठिन सवाल है। अंडर 17 कोच निकोलाइ एडम्स के सामने कठिन चुनौती है। वह जर्मन है और काफी अनुशासित भी। उसे हारना पसंद नहीं लिहाजा वह अपने खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कराना चाहेगा।’’