नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी की स्वप्ना बर्मन के एशियाई खेलों में इतिहास रचने पर राज्य सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। ममता सरकार ने स्वप्ना को 10 लाख रुपये और नौकरी देने की घोषणा की है। आपको बता दें कि स्वप्ना ने एशियाई खेलों में हेप्टाथलन में गोल्ड मेडल जीता है। वह ये कारनामा करने वाली भारत की पहली महिला खिलाड़ी बनी हैं।इससे पहले बुधवार को राज्य के पर्यटन मंत्री गौतम देब ने जलपाईगुड़ी स्थित स्वप्ना के घर का दौरा किया और उनकी मां की मुख्यमंत्री से बात करवाई। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने स्वप्ना को 10 लाख रुपये का ईनाम और सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है।” स्वप्ना जब लौट कर आएंगी तब राज्य एथलेटिकस संघ चार सितंबर को उनका सम्मान समारोह आयोजित कराएगी।आपको बता दें कि स्वप्ना ने बुधवार को इंडोनेशिया के जाकार्ता में चल रहे रहे एशियाई खेलों में हेप्टाथलान स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने चीन की खिलाड़ी को हराते हुए फाइनल में 6,026 अंक हासिल किये। इसके साथ ही वह भारत की ओर से एशियाड में गोल्ड लाने वाली पहली महिला हेप्टाथलान खिलाड़ी बन गई हैं।
स्वप्ना ने काफी परेशानियों के बाद यहां तक का सफर तय किया है। उनके दोनों पैरों में छह उंगली हैं जिसके चलते उन्हें जूते पहनने में भी काफी तकलीफ होती थी। स्वप्ना के पिता पंचानन बर्मन एक रिक्शा चालक हैं, लेकिन कुछ दिनों से बीमारी के कारण बिस्तर पर हैं।