
झूठी शान की खातिर हत्या करने के एक संदिग्ध मामले में नवी मुंबई में एक सवर्ण लड़की के परिवार वालों ने 16 वर्षीय एक दलित लड़के की कथित तौर पर हत्या कर दी। लड़का सवर्ण लड़की से प्रेम करता था।
पुलिस ने आज बताया कि मामले के सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 17 वर्षीय लड़की को भी हिरासत में लिया गया है।
घटना के बाद, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया :आरपीआई: के कुछ सदस्यों ने उन पुलिस कर्मियोंे के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कल शाम नेरल पुलिस थाने तक एक मोर्चा निकाला जिन्होंने लड़की के भाइयों द्वारा लड़के का अपहरण किए जाने की प्रारंभिक रिपोर्ट दर्ज करने से कथित तौर पर इंकार कर दिया था।
इस सिलसिले में नवी मुंबई पुलिस ने कल नेरूल थाने के दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया।
लड़के की पहचान ठाणे जिले में नवी मुंबई के नेरूल इलाके में धारावे गांव निवासी स्वप्निल सोनवणे के रूप में की गयी है जो स्कूल में उसके साथ पढने वाली 17 वर्षीय एक लड़की से प्रेम करता था।
हालांकि लड़की के माता-पिता इस रिश्ते के खिलाफ थे।
पुलिस ने बताया कि लड़की के परिवार के सदस्यों सहित करीब 20-25 लोगों के एक समूह ने धारावे गांव में मंगलवार रात लोहे की छड़ से लड़के की बुरी तरह पिटाई की।
उन्होंने बताया कि बाद में लड़के को एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
( Source – पीटीआई-भाषा )