सुदीप बंदोपाध्याय की गिरफ्तारी: तृणमूल कांगेस कार्यकर्ताओं ने सीबीआई कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया
सुदीप बंदोपाध्याय की गिरफ्तारी: तृणमूल कांगेस कार्यकर्ताओं ने सीबीआई कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया

तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुदीप बंदोपाध्याय की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने आज यहां सीबीआई के राज्य मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। एजेंसी बंदोपाध्याय को कल देर रात भुवनेश्वर लेकर आयी है।

तृणमूल कांग्रेस संसदीय दल के नेता बंदोपाध्याय को रोज वैली ग्रुप के पोंजी घोटाले के सिलसिले में सीबीआई ने कल कोलकाता से गिरफ्तार किया था। एजेंसी उन्हें कल देर रात ही भुवनेश्वर लेकर आयी है।

इससे पहले सीबीआई ने तृणमूल के एक अन्य सांसद तापस पाल को समान आरोपों में गिरफ्तार किया था। वह तीन दिन तक सीबीआई हिरासत में रहे थे।

चौथी बार लोकसभा सदस्य चुने गए और पूर्ववर्ती मनमोहन सिंह सरकार में राज्यमंत्री रहे बंदोपाध्याय को कथित रूप से विभिन्न प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर नहीं देने और असहयोगी रवैये के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

तृणमूल नेता की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन के लिए रामनगर से विधायक अखिल गिरि के नेतृत्व में एकत्र हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने यहां सीबीआई कार्यालय के बाहर धरना दिया। तृणमूल कांग्रेस की ओडिशा ईकाई के कई सदस्यों और प्रदेश पार्टी अध्यक्ष आर्य कुमार ज्ञानेन्द्र ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

ज्ञानेन्द्र ने पीटीआई.भाषा से कहा, ‘‘सीबीआई ने सुदीप बंदोपाध्याय और तापस पाल को राजनीतिक कारणों से गिरफ्तार किया है। हम पक्के तौर पर कार्रवाई का विरोध करेंगे। तृणमूल कांग्रेस की प्रदेश ईकाई 10 जनवरी को भुवनेश्वर में विशाल विरोध प्रदर्शन रैली की योजना बना रही है।’’ प्रस्तावित प्रदर्शन रैली में तृणमूल कांग्रेस के कुछ लोकप्रिय नेताओं को भी आमंत्रित किया जा रहा है।

तृणमूल कांग्रेस के दो सदस्यीय शिष्टमंडल ने यहां सीबीआई अधिकारियों से भी भेंट की और बंदोपाध्याय तथा पाल की गिरफ्तारी के खिलाफ विरोध जताया।

( Source – PTI )

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *