Home राष्ट्रीय नहीं रहे दिग्गज अभिनेता शशि कपूर

नहीं रहे दिग्गज अभिनेता शशि कपूर

नहीं रहे दिग्गज अभिनेता शशि कपूर

रुपहले पर्दे पर अपनी रुमानी अदाओं से लोगों को दीवाना बनाने वाले दिग्गज अभिनेता शशि कपूर का आज निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे। अपने दौर में उन्होंने सभी अग्रणी अभिनेत्रियों के साथ काम किया।

अभिनेता-निर्माता ने यहां कोकिलाबेन धीरुभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके भतीजे रणधीर कपूर ने बताया, ‘‘हां, उनका निधन हो गया। उन्हें किडनी से जुड़ी समस्या थी और वह कई वर्षों से डायलिसिस पर थे।’’ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित कई गणमान्य लोगों ने लोकप्रिय अभिनेता के निधन पर शोक जताया है।

कोविंद ने ट्वीट कर कहा, ‘‘भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों के सुप्रसिद्ध अभिनेता शशि कपूर के निधन के बारे में जान कर बहुत दुख हुआ। सार्थक सिनेमा को उनका योगदान और भारतीय रंगमंच को शक्ति देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका हमेशा याद की जाएगी। उनके परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं।’’ प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस खबर पर दुख का इजहार किया और सिनेमा एवं थियेटर में कपूर के योगदान को याद किया।

मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा कि कपूर की बहुमुखी अभिनय क्षमता को फिल्मी पर्दे के अलावा रंगमंच पर भी देखा जा सकता है, जिसे उन्होंने शिद्दत से बढ़ावा दिया। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा ‘‘कपूर के बेजोड़ अभिनय को आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी। उनके निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। मैं कपूर के शोक संतप्त परिवार और प्रशंसकों के प्रति अपनी शोक संवेदनायें व्यक्त करता हूं।’’ रणधीर कपूर ने बताया कि अभिनेता का अंतिम संस्कार कल सुबह किया जाएगा।

अस्पताल के डॉक्टर रामनारायण ने ‘पीटीआई’ को बताया, ‘‘शशि कपूर का आज शाम 5:20 बजे मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में निधन हो गया।’’ केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी ने शशि के निधन को ‘एक युग का अवसान’ बताया।

ईरानी ने ट्वीट किया, ‘‘दिग्गज अभिनेता शशि कपूर जी के निधन से दुखी हूं। भारतीय सिनेमा में उनका योगदान स्मरणीय रहा है। शशि जी के निधन के साथ ही एक युग समाप्त हो गया है। उनके प्रियजन, साथियों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति !’’

( Source – PTI )

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

* Copy This Password *

* Type Or Paste Password Here *

Exit mobile version