नई दिल्लीःराष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुबह के दौरान कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। साथ ही शहर का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जिसके कारण मौसम खुशनुमा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, मौसमविद ने आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रहने और मध्यम बारिश एवं गरज के साथ छीटें पड़ने की संभावना व्यक्त की है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ”न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान औसत से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे 31 डिग्री सेल्सियस के करीब बने रहने का अनुमान है। आर्द्रता 92 प्रतिशत दर्ज किया गया और बारिश 16.3 मिलीमीटर दर्ज किया गया। सोमवार को दिल्ली के मध्य एवं पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश हुई। कल का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 31.2 और 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

पंजाब, हरियाणा में बारिश से फसलें चौपट

पंजाब, हरियाणा के अधिकांश इलाकों में तीसरे दिन भी सामान्य से भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। किसानों ने बताया कि खेतों में खड़ी धान व कपास की फसल काटने के लिए तैयार थी लेकिन बेमौसम बारिश से फसल बर्बाद हो गई।

पड़ोसी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश होने के कारण पंजाब में सतलुज, ब्यास और रावी हरियाणा में यमुना नदियों के लिए सोमवार को चेतावनी जारी की गई है। अमृतसर में रविवार को 145 मिलीमीटर बारिश हुई। शहर में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 11 डिग्री नीचे है।

स्वर्ण मंदिर परिसर में पवित्र जल का स्तर भी बढ़ गया है जिससे वहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए समस्याएं पैदा हो गई। दोनों राज्यों के विभिन्न हिस्सों में यातायात प्रभावित है। चंडीगढ़ में कई जगह जलभराव होने से यातायात बाधित हुआ। हरियाणा के पंचकुला और पंजाब के मोहाली के से सटे इलाकों में प्रशासन को जलभराव की शिकायतें मिल रही हैं। पंजाब के नवांशहर जिले में रविवार को एक छत ढहने से दो लोगों की मौत हो गई। लगातार बारिश के कारण दोनों राज्यों में अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम तापमान सामान्य से छह से 11 डिग्री नीचे चला गया।