सुभाष शिरढोनकर
भारतीय पिता और फ़ारसी-बहरीनी मां के घर 16 जुलाई 1982 को मुंबई में जन्मी एक्ट्रेस आमना शरीफ़, 2000 के दशक में भारतीय टेलीविज़न की सबसे पॉपुलर एक्ट्रेसों में से एक थीं।
आमना शरीफ ने अपनी शुरूआती पढाई, सेंट एनी हाई स्कूल बांद्रा मुंबई में की। जब वह कॉलेज के सैकंड ईयर में थी, उन्होंने शौकिया तौर पर मॉडलिंग शुरू कर दी।
उसके बाद साल 2001 में महज 18 साल की उम्र में आमना शरीफ ने करियर की शुरूआत ’दिल का आलम….’ म्यूजिक वीडियो से की। उसके बाद से अब तक वह आधा दर्जन से भी अधिक म्यूजिक वीडियो में नजर आ चुकी है।
आमना शरीफ ने अपने फिल्म करियर की शुरूआत एक तमिल फिल्म ’जंक्शन’ (2002) के साथ की थी। उसके बाद साल 2003 में उन्होंने एकता कपूर के हिट शो ‘कहीं तो होगा’ (2003-2007) में सीधी साधी घरेलू लड़की कशिश ग्रेवाल की भूमिका निभाकर घर-घर में पहचान बनाई।
इस शो के साथ आमना, अचानक काफी फेमस हो गई थीं। उनकी मासूमियत और स्क्रीन प्रेज़ेंस ने उन्हें ऑडियंस की फेवरिट बना दिया था। शो में को-एक्टर राजीव खंडेलवाल के साथ उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया ।
‘कहीं तो होगा’ (2003-2007) खत्म होने के बाद आमना ने ’कुमकुम एक प्यारा सा बंधन’ (2004) काव्यांजलि’ (2005) और ’करम अपना अपना’ (2006) में अपनी अदाकारी का जलवा दिखाया। हर कोई आमना शरीफ की खूबसूरती का दीवाना हो कर रह गया।
साल 2009 में आमना शरीफ ने बॉलीवुड में कदम रखते हुए पहली फिल्म ’आलू चाट’ (2009) की। उसके बाद वह आफताब शिवदासानी के अपोजिट फिल्म ’आओ विश करें’ (2009), ’शकल पे मत जा’ (2011) और मोहित सूरी की फिल्म ’एक विलेन’ (2014) में नजर आईं।
लेकिन आमना ने अपने फिल्म करियर के बारे में जो ख्वाब अपने मन में संजो रखे थे, उस तरह का प्रतिसाद उन्हें नहीं मिल सका। इस के बाद उन्होंने टीवी शो ’होंगे जुदा न हम’ (2012-2013) के साथ टेलीविजन पर वापसी की। शो में मुस्कान दुग्गल के किरदार में हर किसी ने उनकी प्रशंसा की।
इसके बाद आमना एक और टीवी शो ‘एक थी नायका’ (2013) में नजर आईं। यह शादी के पहले उनका आखिरी टीवी शो था।
लगभग एक साल तक फिल्म वितरक अमित कपूर के साथ डेटिंग करने के बाद आमना शरीफ ने 27 दिसंबर 2013 को उनके साथ शादी की। इस जोड़े ने 2015 में अपने बेटे अरैन कपूर का वेलकम किया।
छह साल के गैप के बाद, आमना शरीफ ने 2019 में एकता कपूर के टीवी शो ’कसौटी जिंदगी की 2’ (2019-2020) के साथ सफल वापसी की। इस रीबूट में आमना ने हिना खान को रिप्लेस किया था और साल 2020 में शो के खत्म होने तक वह इस भूमिका में बनी रहीं।
साल 2022 में आमना शरीफ ‘हंगामा प्ले’ पर ‘डैमेज्ड 3’ और ‘वूट सेलेक्ट’ पर ऑन स्ट्रीम हुई वेब सीरीज ‘आधा इश्क’ में नजर आईं। उसके बाद पिछले 3 साल से आमना शरीफ के पास काम नहीं था। कहा जाता है कि आमना ने जानबूझकर एक्टिंग से ब्रेक लिया था।
लेकिन अब खुद को पहले से ज्यादा मजबूत और कॉन्फिडेंट महसूस करने के बाद वह एक्टिंग में वापसी करने जा रही हैं। वापसी के इस दौर में आमना अपने पहले कन्साइनमेंट का इंतजार कर रही हैं।
सुभाष शिरढोनकर