नई दिल्लीः ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में दो नर पेंगुइन ने एक बच्चे को जन्म दिया है। यहां ‘सी लाइफ एक्वेरियम’ में अंडे की अच्छे से देखभाल कर यह सफलता हासिल की गई है। रॉयटर्स की खबर के मुताबिक मैजिक और फेन नाम के इस जोड़े को इसी महीने अंडा दिया गया था, जिसके बाद दुनियाभर में उनकी चर्चा हुई थी।

इससे पहले एक्वेरियम के कर्मचारियों ने नकली अंडे से सफल ट्रायल किया था। 91 ग्राम वजन के नन्हे पेंगुइन का नाम अभी नहीं रखा गया है। माना जा रहा है कि एक्वेरियम में पैदा होने वाला यह पहला सब-अंटार्कटिक पेंगुइन है। इस साल प्रजनन का मौसम शुरू होने से पहले इस जोड़े को एक-दूसरे के करीब आते देखा गया था।

एक्वेरियम के अधिकारियों के मुताबिक मैजिक और फेन ने अंडे को एक छोटे से घोंसले में रख दिया। यह घोंसला छोटे-छोटे से पत्थरों से बनाया गया था। अंडे की देखभाल और उसे गर्म रखने के लिए दोनों ने बारी-बारी से अपनी ड्यूटी बांट ली। जब एक पेंगुइन अंडे की रक्षा करता तो दूसरा उसे गर्म रखता।