नई दिल्लीः ग्रीस में शुक्रवार सुबह 6.8 की तीव्रता का बड़ा भूकंप आया। देश के पश्चिमी इलाके में पर्यटकों में लोकप्रिय द्वीप पर आए भूकंप में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। हालांकि इस भूकंप की वजह से आयोनियाई सागर में बने जेकिनथोस द्वीप के प्रमुख बंदरगाह को नुकसान पहुंचा है। नागरिक सुरक्षा एजेंसी के प्रवक्ता स्पायरोस जार्जिऊ ने बताया कि नुकसान के बाद भी ये बंदरगाह काम कर रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि द्वीप के गांवों में जाकर नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। उन इलाकों में बड़ी संख्या में पुरानी इमारतें हैं। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण के मुताबिक इस भूकंप की तीव्रता 6.8 मापी गई जबकि इसका केंद्र द्वीप के दक्षिणी भाग के मौजाकी से 33 किमी दूर था।

भूकंप भारतीय समयानुसार तड़के 4.25 बजे आया। इसका केंद्र जमीन से 14 किमी भीतर गहराई में था। आपको बता दें कि ग्रीस विश्व के सर्वाधिक भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में शामिल है। यहां हर साल भूकंप के हजारों झटके दर्ज होते हैं।