नई दिल्लीः पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव से पहले सी-वोटर के नवंबर के दूसरे हफ्ते के ओपिनियन पोल में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की टक्कर होगी जबकि राजस्थान और तेलंगाना में कांग्रेस सत्ता में आती दिखाई दे रही है।

पूर्वोत्तर के राज्य में मिजोरम में कांग्रेस पार्टी इस बार सत्ता से बाहर हो सकती है। भावी मुख्यमंत्रियों को लेकर जनता की राय में राजस्थान में सचिन पायलट, मध्य प्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया, छत्तीसगढ़ में रमन सिंह, तेलंगाना में के चंद्रशेखर राव और मिजोरम में ललथनहवला अन्य सभी संभावित नामों पर भारी पड़े हैं।

एक अक्टूबर से आठ नवंबर के बीच कराए गए इस सर्वे में कांग्रेस को मिजोरम को छोड़कर सभी राज्यों में आगे बढ़ता दिखाया गया है, जबकि भाजपा के हाथ से मध्य प्रदेश व राजस्थान खिसकते दिखाए गए हैं।

मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में कड़ी टक्कर

सर्वे में मध्य प्रदेश में 230 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस को 116 व भाजपा को 107 सीटें मिलती दिखाई गई हैं। राजस्थान की 200 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस को 145 व भाजपा को 55 सीटें और छत्तीसगढ़ में 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस को 41 और भाजपा को 43 सीटें मिलती दिखाई गई हैं। तेलंगाना में टीआरएस के हाथ से सत्ता खिसक रही है। वहां 119 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस को कांग्रेस गठबंधन को 64 और टीआरएस को 42 सीटें मिलती बताई गई हैं। मिजोरम में 40 सदस्यीय विधानसभा में विपक्षी मिजो नेशनल फ्रंट को 17, कांग्रेस को 12, जेडपीएम गठबंधन को 9 और अन्य को दो सीटें बताई गई हैं।