राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी का कहर जारी, मरने वालों का आंकड़ा 2005 के पार
नई दिल्ली,। राष्ट्रीय राजधानी समेत लगभग पूरे देश में पड़ रही झुलसाने वाली गर्मी दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। गर्मी के कारण देशभर में मरने वालों का आंकड़ा आज 2005 हो गया है। सबसे खराब हालात आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की हैं जिसमें मरने वालों का संख्या में इजाफा होता जा रहा है। दोनों राज्यों में मिलाकर कुल 1979 लोगों की मौत हो चुकी है। कल से अब तक आंध्र प्रदेश में 156 और तेलंगाना में 49 और लोगों की मौत हो चुकी है।मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली में आज का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि 24 प्रतिशत और हवा की गति 14 किलोमीटर प्रतिघंटा रिकॉर्ड किया गया है। वहीं पंजाब, हरियाणा में तापमान 40-44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।वहीं, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, झारखंड और राजस्थान में गर्म हवाओं का प्रकोप जारी है। झारखंड के पलामू में पारा 47 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। इसके अलावा ओडिशा के भवानीपटना में तापमान 45.5 डिग्री, राजस्थान के कोटा में 44.6 डिग्री और जयपुर में 43.9 डिग्री सेल्सियस रहा।आंध्र प्रदेश में आज लू से मरने वालों की संख्या 1490 पहुंच गई है। तेलंगाना में कल तक लू से मरने वालों की संख्या 440 थी जो आज बढ़कर 489 हो गई। तेलंगाना में अब तक नलगोंडा जिले में 126 लोग मारे गए हैं। इसके अलावा करीमनगर में 95, खम्माम में 92 और महबूबनगर में 37 लोगों की मृत्यु हो गई है। मेढक और रांगा रेड्डी जिलों में 35-35 लोग मारे गए हैं। लू ने आदिलाबाद में 22, वारंगल में 20, निजामाबाद में 17 और हैदराबाद में 10 लोगों की जान ले ली।