खेल जगत मनोरंजन

जीत की रीत का नया गीत 

टी-20 वर्ल्ड कप जीत: 

घनश्याम बादल 

देश और क्रिकेट प्रेमियों की उम्मीदों पर खरे उतरते हुए आखिरकार भारतीय क्रिकेट टीम ने आईसीसी टी 20 वर्ल्ड कप का तोहफा देश को  दिया है । 

  इतिहास और पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए फाइनल से पहले जिस तरह सबकी दिल की धड़कनें बढ़ी हुई थी वह इन खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी चुनौती थी। इससे पहले अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर हर बार हार का सामना करना पड़ा था न्यूजीलैंड से टी 20 वर्ल्ड कप में हर बार हार मिली थी और कोई भी टीम लगातार दो बार टूर्नामेंट जीत कर खिताब नहीं बचा पाई थी साथ ही साथ अब तक किसी भी देश ने तीन बार टी 20 का वर्ल्ड कप नहीं जीता था लेकिन चुनौतियों और उतार-चढ़ाव से पर पाते हुए इस भारतीय क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है।

  टी-20 विश्व कप पर लगातार दूसरी बार कब्ज़ा केवल एक खेल उपलब्धि नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट की सामूहिक प्रतिभा, धैर्य, रणनीति और संघर्ष की अद्भुत गाथा है। यह जीत उस लंबे सफर का परिणाम है जिसमें कठिन चुनौतियाँ, विवाद, हार-जीत के उतार-चढ़ाव और खिलाड़ियों की अथक मेहनत शामिल रही।

इस विश्व कप का सफर आसान नहीं था। टूर्नामेंट से पहले ही उपमहाद्वीप की राजनीति का असर खेल पर दिखाई दिया। पाकिस्तान और बांग्लादेश से जुड़े विवादों तथा विभिन्न कूटनीतिक तनावों ने प्रतियोगिता का मज़ा किरकिरा करने में कोई कमी नहीं छोड़ी । ऐसे में भारतीय टीम को न केवल मैदान पर बल्कि मानसिक रूप से भी संतुलित रहना पड़ा।

प्रतियोगिता के दौरान स्टीम ने अपने ग्रुप के दूसरे सारे मैच जीते लेकिन दक्षिण अफ्रीका से मिली हार ने  बड़ा झटका दिया। बेशक उस टीम का आत्मविश्वास डगमगा गया होगा. डटकर आलोचना भी हुई कोच और कप्तान ने भी कड़ा रुख अपनाया लेकिन सच कहें तो उसी मैच ने यह संकेत दिया कि भारतीय टीम अजेय नहीं है और यदि रणनीति में ढिलाई बरती तो विरोधी टीमें अवसर का लाभ उठा सकती हैं। 

   महान टीमों की पहचान होती है कि वे हार से टूटती नहीं बल्कि सीखती हैं। भारत ने भी यही किया,रणनीति बदली, संयोजन सुधारा और लगातार असफल हो रहे अभिषेक और मौके पर पटरी से उतरी गेंदबाजी कर रहे वरुण चक्रवर्ती पर विश्वास जताया, अगले मैचों में और अधिक आक्रामक रूप में मैदान में उतरी और एक चोट ने सारा नज़ारा बदल दिया. परिणाम सामने है। 

   सेमीफाइनल में इंग्लैंड के विरुद्ध मुकाबला इस विश्व कप का सबसे निर्णायक मोड़ था। इंग्लैंड की टीम आक्रामक बल्लेबाजी और संतुलित गेंदबाजी डरा देने वाली थी, इसलिए यह मैच भारत की वास्तविक परीक्षा था। भारतीय बल्लेबाजों ने दबाव को अवसर में बदल बड़े स्कोर का पहाड़ खड़ा किया। अप्रत्याशित रूप से बिना दबाव के विस्फोटक तरीके से खेल रहे इंग्लैंड के बल्लेबाजों के सामने गेंदबाजों ने अंतिम क्षणों में संयम और रणनीति के साथ इंग्लैंड की चुनौती को विफल कर फाइनल में प्रवेश किया ।

फाइनल में मिली एक तरफा धमाकेदार जीत ने साबित कर दिया कि भारतीय टीम केवल किसी एक की प्रतिभा से नहीं बल्कि सामूहिक विश्वास और  परिपक्वता से लैस है।

   इस विश्व कप की सबसे बड़ी विशेषता यही रही कि जीत किसी एक खिलाड़ी की नहीं, बल्कि पूरी टीम की थी।शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने आक्रामक शुरुआत देकर टीम को मजबूत आधार दिया। तो मध्यक्रम ने उसे गति को बनाए रखा,ऑल-राउंडरों ने बैट और गेंद दोनों से निर्णायक भूमिका निभाई।

  जसप्रीत बुमराह के नेतृत्व में तेज गेंदबाजों ने शुरुआती झटके देकर विपक्षी टीम को दबाव में रखा, जबकि स्पिनर अक्षर पटेल ने मध्य ओवरों में मैच की दिशा बदल दी। हार्दिक पांड्या ने बैट और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया तो शिवम दुबे ने विस्फोटक परी खेड़ी अब संजू सैमसन तो पूरी प्रतियोगिता में ही तारणहार बने, शिवम दुबे, ईशान किशन और तिलक वर्मा ने मौका मिलते ही अपना काम किया । फ़ाइनल में अभिषेक का जलवा उनकी पिछली विफलताओं को भुला गया। कप्तान सूर्यकुमार यादव बल्ले से भले ही नहीं चल पाए लेकिन उनकी रणनीति पूरे टूर्नामेंट में विपक्षियों की समझ से बाहर रही। 

कुल मिलाकर टीम के इस प्रदर्शन को अद्भुत, अप्रतिम और शानदार ही कहा जाएगा। कुछ कमियों के बावजूद फील्डिंग भी भारतीय  ताकत बनकर उभरी. अक्षर पटेल और तिलक वर्मा के कैच लंबे समय तक याद किए जाएंगे। 

   इस जीत का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी रहा कि भारतीय क्रिकेट अब केवल कुछ वरिष्ठ खिलाड़ियों पर निर्भर नहीं रही। नई पीढ़ी के खिलाड़ी, युवा बल्लेबाज, तेज गेंदबाज और बहुमुखी ऑल-राउंडर अब जिम्मेदारी उठाने के लिए पूरी तरह तैयार दिखाई दे रहे हैं। यह पीढ़ी तकनीक, फिटनेस और मानसिक दृढ़ता के मामले में विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम है। यही कारण है कि भारतीय टीम कठिन परिस्थितियों में भी संयम बनाए रखने में सफल रही।

  इस जीत से छोटे शहरों और गांवों से आने वाले लाखों युवाओं को  विश्वास मिलेगा कि मेहनत और प्रतिभा से विश्व मंच पर पहुँचना संभव है।खेल अर्थव्यवस्था का विस्तार होगा, क्रिकेट की सफलता खेल उद्योग, प्रसारण, प्रायोजन और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी।

आगे क्या हो?

यह जीत जितनी महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण यह देखना है कि देश इस उपलब्धि को खेल संस्कृति के व्यापक विकास में कैसे बदलता है। शिक्षा व्यवस्था में खेलों को अनिवार्य और व्यवस्थित बनाया जाना चाहिए। हर जिले में आधुनिक खेल मैदान और प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएँ तो यह जीत और भी असरकारी हो जाएगी। 

   बेशक, भारत में क्रिकेट अत्यंत लोकप्रिय है, किंतु हॉकी, फुटबॉल, एथलेटिक्स, कुश्ती, बैडमिंटन, तीरंदाजी और कबड्डी जैसे ग्रामीण पृष्ठभूमि के खेलों में भी अपार संभावनाएँ हैं। यदि इन खेलों को भी संरचना और संसाधन मिलें, तो भारत बहु-खेल महाशक्ति बन सकता है। 

  देश की वास्तविक प्रतिभा गांवों और छोटे कस्बों में छिपी है। वहाँ से खिलाड़ियों को खोजने और प्रशिक्षित करने की  व्यावहारिक और असरदार राष्ट्रीय स्तर की योजना बननी चाहिए। आधुनिक खेलों में फिटनेस, पोषण, डेटा विश्लेषण और खेल विज्ञान की भूमिका बढ़ती जा रही है। भारत को इन क्षेत्रों में भी निवेश बढ़ाना होगा।

 भारतीय टीम की यह ऐतिहासिक जीत केवल क्रिकेट का गौरव नहीं, बल्कि राष्ट्रीय आत्मविश्वास का भी प्रतीक है। आवश्यकता इस बात की है कि इस विजय को केवल उत्सव तक सीमित न रख, ऐसी खेल संस्कृति के निर्माण का आधार बनाया जाए जिसमें हर बच्चा मैदान तक पहुँचे, हर प्रतिभा को अवसर मिले और भारत विश्व खेल मंच पर हर क्षेत्र में चमकता दिखाई दे।

घनश्याम बादल