मनोरंजन सिनेमा

हॉट महिलाओं की फेहरिस्‍त में जगह पा चुकी हैं वर्तिका सिंह

सुभाष शिरढोनकर

पिछले साल 7 नवंबर को थिएटर्स में रिलीज हुई इमरान हाशमी और यामी गौतम की फिल्म ‘हक’ (2025) को ऑडियंस और क्रीटिक्‍स का काफी अच्‍छा रिस्पॉन्स मिला था।

फिल्‍म में यामी गौतम ‘शाह बानो’ और इमरान हाशमी उनके पति ‘मोहम्मद अहमद खान’ की भूमिका में दिखाई दिए जबकि एक्‍ट्रेस वर्तिका सिंह भावनात्मक रूप से मजबूत ‘मोहम्मद अहमद खान’ की दूसरी बीवी के किरदार में थीं। इस किरदार में वर्तिका सिंह के काम को हर किसी ने खूब पसंद किया। इसके बाद वह अचानक सुर्खियों में आ गई।

फिल्‍म में वर्तिका सिंह की एक्टिंग को ऑडियंस ने खूब पसंद किया। सोशल मीडिया यूजर्स तो  उनकी तारीफ करते थक ही नहीं रहे थे। सुपर्ण वर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म के जरिए वर्तिका ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था।  

फिल्‍म ‘हक’ (2025) तक पहुंचने का वर्तिका सिंह का सफर आसान नहीं रहा। यह फिल्म उन्हें कई ऑडिशन मे मिले रिजेक्शन के बाद मिली थी।

अनेक ऑडिशन अच्‍छे होने के बावजूद जब रोल किसी और को ही मिले, तब वर्तिका ने घर लौटने तक का सोच लिया था लेकिन फिर मॉडलिंग में अच्छे मौके मिलने लगे और वह मुंबई में टिकी रहीं।

27 अगस्त 1993 को लखनऊ में पैदा हुई मॉडल-एक्‍ट्रेस वर्तिका सिंह के पिता ब्रज नाथ सिंह खेती से जुड़े वैज्ञानिक जबकि मां वहां के एक सरकारी स्कूल में टीचर थीं।  

वर्तिका सिंह की शिक्षा लखनऊ के कैनोसा कॉन्वेंट स्कूल में हुई। उन्होंने इसाबेला थोबर्न कॉलेज से क्लिनिकल न्यूट्रिशन और डायटेटिक्स में बेचलर और लखनऊ विश्वविद्यालय से सार्वजनिक स्वास्थ्य में मास्टर डिग्री प्राप्त की है।

साल 2015 में ‘फेमिना मिस इंडिया ग्रैंड इंटरनेशनल’ का खिताब हासिल कर चुकी वर्तिका सिंह को ‘जीक्यू मेगजीन’ ने साल 2016 में भारत की सबसे हॉट महिलाओं की फेहरिस्त में स्थान दिया था।

उसके बाद वर्तिका सिंह ने साल 2017 में ‘किंगफिशर मॉडल हंट प्रतियोगिता’ में भाग लिया और ‘किंगफिशर बिकिनी कैलेंडर’ के मार्च और अक्टूबर वाले पन्‍नों पर जगह बनाई।

 साल 2019 में वर्तिका सिंह को मिस यूनिवर्स इंडिया का प्रतिनिधित्व करते हुए शीर्ष 20 में स्थान बनाया। फिल्मों में आने के पहले वर्तिका सिंह ने बतौर प्रोफेशनल मॉडल खास पहचान बनाते हुए अलग मुकाम हासिल किया।  

कुणाल खेमू के साथ ‘सवारे…’ (2017) और ऐश किंग और करन के म्‍यूजिक वीडियो ‘किशमिश…’ (2019) कर चुकी वर्तिका सिंह का आज फैशन इंडस्ट्री और सोशल मीडिया पर काफी नाम है। खासकर इंस्‍टाग्राम पर वह अपने ग्लैमरस अंदाज से खूब सुर्खियां बटोरती हैं।

ओटीटी के लिए ‘द फैमिली मैन’ और ‘राणा नायडू’ जैसी वेब सीरीज में अपने संजीदा अभिनय का प्रदर्शन कर चुकी वर्तिका सिंह एक्टिंग के अलावा सोशल कामों में भी सक्रीय हैं।

साल 2018 में वर्तिका ने ‘प्योर ह्यूमंस’ नाम की एक नॉन-प्रॉफिट ऑर्गनाइजेशन शुरू की। इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के साथ मिलकर टीबी जैसी बीमारी को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाने का काम भी किया है।