राजनीति

अजित का साथ, कांग्रेस के हाथ के साथ

सत्ता की भूख कितनी अजीर्ण पैदा करती है; इसकी ताज़ा बानगी है- कांग्रेस और रालोद का गठबंधन| कोई भी सत्ता-सुख से विमुख नहीं होना चाहता; इस हेतु जोड़तोड़ की राजनीति का चलन जोर पकड़ता जा रहा है| तत्कालीन कांग्रेसनीत संप्रग सरकार सत्ता में वापसी के बाद से विभिन्न मुद्दों पर कई बार अस्थिर हुई है मगर हर बार जोड़-तोड़ का रास्ता अख्तियार कर इसने अपने हठी स्वभाव एवं सत्ता में बने रहने की भूख को ही दर्शाया है| अब चूँकि देश के सबसे बड़े सूबे में चुनाव निकट हैं; तो कांग्रेस येन-केन प्रकरेण सूबे में पुनः अपनी संभावनाएं तलाशती नज़र आ रही है| गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में एक समय कांग्रेस की तूती बोलती थी मगर इसके नीति-नियंताओं की समाज बाँटों नीति ने प्रदेश से कांग्रेस का बोरिया-बिस्तर ही गोल कर दिया| कांग्रेस के लिए उत्तर प्रदेश गलफांस बन चुका है और अब वह किसी भी कीमत पर प्रदेश फतह करना चाहती है| हालांकि यह इतना आसान भी नहीं दिखता मगर जिस तरह के समीकरण बनते दिख रहे हैं; उनके आधार पर कुछ भी कहना अभी जल्दबाजी होगा| हाँ; केंद्र सरकार पर ज़रूर इन चुनावों या चुनाव पूर्व गठजोड़ों का व्यापक असर पड़ेगा|

कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गाँधी से रालोद प्रमुख चौधरी अजित सिंह की बंद कमरे में हुई मुलाक़ात के बाद रालोद-कांग्रेस के बहुप्रतीक्षित गठजोड़ पर विराम लग गया है| अब रालोद प्रदेश में ४५ सीटों पर चुनाव लड़ेगी| इसमें से अधिकाँश सीटें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की हैं जहां रालोद का ख़ासा प्रभाव है| ४ से ५ सीटें राज्य के बाकी हिस्सों से हो सकती हैं ताकि रालोद-कांग्रेस गठबंधन को मजबूत किया जा सके| यहाँ भी जातिगत समीकरणों का ध्यान रखा जाएगा| फिलहाल ४०४ सदस्यीय विधानसभा में जहां कांग्रेस के २० विधायक हैं तो रालोद के विधायकों की संख्या १० है| कांग्रेस ने क्या सोचकर रालोद से गठबंधन किया है यह तो वही जाने मगर इस गठजोड़ से चौधरी अजित सिंह ज़रूर फायदे में दिख रहे है|

गठबंधन के अनुसार रालोद प्रमुख को नागरिक उड्डयन मंत्रालय की कमान सौंपी जा सकती है| हालांकि प्रधानमंत्री पहले से ही घाटे में चल रहे उड्डयन मंत्रालय को सहयोगी दल को सौंपने के खिलाफ थे मगर गठबंधन धर्म के आगे उन्हें भी नतमस्तक होना पड़ा| अभी रालोद के सदन में ५ सदस्य है जो निश्चित तौर पर सरकार को थोड़ी राहत तो देंगे| यह भी तथ्य है कि उड्डयन मंत्रालय की आर्थिक हालात चाहे जो रही हो; इसके कप्तान हमेशा अर्थतंत्र के धनी रहे हैं| रालोद मुखिया को यदि उड्डयन मंत्रालय मिल जाता है तो उत्तर प्रदेश की राजनीति में तो उनका प्रभाव बढेगा ही; केंद्र में भी उनकी धाक जम जाएगी| अभी कांग्रेस उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर किसी भी तरह के बड़े से बड़े दबाव को झेलने का दंभ भर रही है| हो सकता है इससे कांग्रेस को अल्पकालीन फायदा हो मगर नुकसान ज़रूर दीर्घकालीन होगा| चौधरी अजित सिंह अपने फायदे के लिए पाला बदलने में माहिर माने जाते हैं| जहां उन्हें लगा कि अब कांग्रेस के साथ उनका नुकसान हो रहा है; वे तुरंत पलटी मार लेंगे| उनके बारे में पूर्व का इतिहास भी यही कहता है| फिर उत्तर प्रदेश में चौधरी अजित सिंह के पास खोने के लिए कुछ नहीं है परन्तु कांग्रेस अपना सर्वस्व दाव पर लगाने जा रही है| रालोद मुखिया इस तथ्य से भी वाकिफ हैं; तो इसकी भी संभावना है कि वे कांग्रेस की आड़ में स्वयं को मजबूत करने लगें|

चौधरी अजित सिंह की राजनीति जाट बाहुल्य क्षेत्रों में जमकर चलती है| उत्तर प्रदेश चुनाव पूर्व गठबंधन के मद्देनज़र हो सकता है कि वे कांग्रेस से जाटों के लिए आरक्षण की मांग भी कर लें| इससे जाटों में तो उनका कद बढ़ेगा ही; जनता के बीच उनकी छवि भी निखरेगी| जाट बाहुल्य क्षेत्रों में मुसलमानों की भी अधिकता है और कांग्रेस पहले से ही मुसलमानों पर डोरे डाल रही है, जाट-मुस्लिम वोट बैंक रालोद और कांग्रेस को फायदा तो पहुंचाएगा मगर इसमें भी अधिक फायदा चौधरी अजित सिंह को होगा| पिछले दिनों सूबे की मुखिया सुश्री मायावती ने प्रदेश को चार हिस्सों में बांटने का प्रस्ताव विधानसभा में पारित करा दिया था| पश्चिमी उत्तर प्रदेश पहले से ही जाट-मुस्लिम राजनीति का गढ़ रहा है और चौधरी अजित सिंह यहाँ की राजनीति के मंझे हुए खिलाड़ी माने जाते हैं| जाट-मुस्लिम आरक्षण से चौधरी अजित सिंह का राजनीतिक दायरा बढेगा| कुल मिलाकर लब्बो-लुबाव यह है कि कांग्रेस-रालोद गठबंधन से फिलहाल तो चौधरी अजित सिंह ही बढ़त बना रहे हैं| अब प्रदेश की राजनीति में इस गठबंधन का कितना व्यापक असर पड़ेगा; इसका पूर्वानुमान अभी संभव नहीं|