सुभाष शिरढोनकर
साल 2001 में अब्बास मस्तान निर्देशित फिल्म ‘अजनबी’ के एक नेगेटिव रोल से अपने करियर की शुरुआत करने वाली एक्ट्रेस बिपाश बसु विक्रम भट्ट की फिल्म ‘राज’ (2002) में बतौर लीड एक्ट्रेस नजर आईं।
इस फिल्म में उन्होंने अपने किरदार और दमदार अभिनय से लोगों के नजरिए बदलकर रख दिया। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी हिट साबित हुई। इस फिल्म के साथ वे रातों रात स्टार बन गईं।
इसके बाद साल 2003 में रिलीज हुई फिल्म ‘जिस्म’ में एक इरोटिक रोल निभाकर बिपाशा ने सभी को हैरान कर दिया ।
फिल्म ‘जिस्म’ (2003) में अपनी बोल्डनेस के साथ-साथ वह को-एक्टर जॉन अब्राहम के साथ रिश्ते को लेकर अचानक सुर्खियों में आ गईं। जॉन अब्राहम के साथ उनकी करीबी लगभग एक दशक तक रही। लेकिन फिर अचानक उनका रिश्ता टूट गया ।
फिल्म ‘अलोन’ (2015) में काम करते हुए बिपाशा बसु एक बार फिर से फिल्म के को-स्टार करण सिंह ग्रोवर के प्यार में पड़ गईं। एक पार्ट टाइम रिलेशन के बाद 30 अप्रैल 2016 को बिपाशा ने करण से शादी कर ली और इस तरह वह करण की तीसरी पत्नी बन गईं।
12 नवंबर 2022 को 43 साल की उम्र में बिपाशा बसु बेटी देवी की मां बनी। उसके बाद से ही बेटी की परवरिश पर ध्यान देते हुए परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिता रही थीं।
साल 2020 में आखिरी बार एमएक्स प्लेयर पर ऑन स्ट्रीम हुई क्राइम थ्रिलर सीरीज ‘डेंजरस’ में नजर आने के बाद उन्होंने एक्टिंग से दूरी बना रखी थी। हालांकि वे ‘वेलकम टू न्यूयॉर्क’ (2018) के एक एक कैमियो के साथ कुछ फैशन शो और टीवी एड में नजर आती रहीं ।
ऐसे में बिपाशा को दिलो जान से चाहने और पसंद करने वाले उनके फैंस कहीं उन्हैं मिस करते हुए काफी निराश महसूस कर रहे थे।
बिपाशा बसु पर्दे से दूर रहते हुए भी फैंस के दिलों पर राज करती रही हैं। एक वक्त उनका नाम बॉलीवुड की टॉप ग्लैमरस एक्ट्रेस में शुमार हुआ करता था। उन्होंने अपने स्टनिंग अवतार और बोल्ड किरदारों से हर किसी को अपना दीवाना बना लिया था।
ऐसे में उनके चाहने वालों के लिए खुशखबरी है कि पूरे बीते 6 साल तक एक्टिंग से दूर रहने के बाद अब वो एक बार फिर एक्टिंग का जलवा बिखेरने को तैयार हैं।
बिपाशा बसु ने अपने एक्टिंग कमबैक के लिए सिनेमाई पर्दे को नहीं बल्कि ओटीटी को चुना है। वह मशहूर फिल्ममेकर हंसल मेहता की नई क्राइम ड्रामा वेब सीरीज में एक अहम रोल निभा रही हैं। अभी तक मेकर्स ने सीरीज का नाम फाइनल नहीं किया है लेकिन इस सिरीज में सनी कौशल और विशाल जेठवा बिपाशा के साथ नजर आने वाले हैं।
इस अनटाइटल्ड सीरीज को ‘ऑलमाइटी मोशन पिक्चर्स प्रोडक्शंस’ के बैनर तले बनाया जा रहा है। यह शो प्राइम वीडियो पर आएगा। हाल ही में बिपाशा ने इस सीरीज की शूटिंग शुरू की है।
इस सिरीज की कहानी एक छोटे शहर से है। इसमें सनी कौशल एक ऐसे ईमानदार पुलिस वाले का किरदार निभा रहे हैं, जो अपनी ईमानदारी और इंसानियत को बचाने की कोशिश करते हुए सिस्टम के अंदर और बाहर के ताकतवर लोगों से लड़ते हैं ।
सुभाष शिरढोनकर