दोहे

कन्या भ्रूण हत्या पर कुछ दोहे

-डा.राज सक्सेनाfoeticide
बेटे  को  दें  स्वर्ग  सुख, बेटी  भोगे  नर्क |
लानत ऐसी सोच पर, करती  इनमे फर्क ||
-०-
कम अकलों की वजह से देश हुआ बरबाद |
बेटी को जो समझते, घर का एक अवसाद ||
-०-
बेटी हरेक सुलक्षणी, बेटे अधिक कपूत |
बेटी घर को पालती, अलग जा बसे पूत ||
-०-
रहती है ससुराल में, मन भटके निज ग्राम |
माँ-पापा के हाल ले, किसी तरह  अविराम ||
-०-
अधिक  पुत्र  उद्दण्ड  हैं, बेटी  ढकती   पाप |
किन्तु पुत्र की चाहना, रखते क्यों माँ- बाप ||
-०-
घर में भाई मारता, बाहर लुच्चों से तंग |
घर बाहर  दोनों  जगह, बेटी बनी पतंग ||
-०-
क्या माता और  पिता भी, दोनों होते एक |
कन्या हो यदि कोख में, देते दुर्जन फेंक ||
-०-
जिस माँ के वात्सल्य का,गाते गान पुराण |
माता    से   डायन  बने, ले  बेटी के प्राण |
-०-
झूठे मान – विधान पर,  बेटी तोली जाय |
कन्या भ्रूणविनाश की, परम्परा की जाय ||
-०-
कन्या आती कोख में, लेते हैं जंचवाय |
माँ-बापू एकराय से, देते कत्ल कराय ||
-०-
बंद करो अपराध यह, बेटी है हर नेक |
बेटी प्रेम प्रसाद है, हीरा है हर एक ||