पंकज जायसवाल
नॉएडा में आजकल वेतन वृद्धि को लेकर आंदोलन चल रहा है. आइये इसी बीच वेतन से सम्बंधित एक महत्वपूर्ण मसला CTC और इन हैंड वेतन को यहां समझते हैं. यह लेख इस विषय पर जागरूकता पैदा करने के लिए लिखा गया है. भारत में नौकरी पाने का सपना आज भी लाखों युवाओं की प्राथमिक आकांक्षा है। कैंपस प्लेसमेंट हो या किसी निजी कंपनी का ऑफर सबसे पहले जिस शब्द पर नज़र जाती है, वह है CTC। जैसे ही किसी ऑफर लेटर में 5 लाख, 10 लाख या 20 लाख CTC लिखा होता है, यह युवाओं और उनके परिवार के अंदर एक स्वाभाविक उत्साह पैदा कर देता है। परिवार में खुशी का माहौल बनता है, और युवा स्वयं को आर्थिक रूप से स्थापित मानने लगता है लेकिन यहीं से एक ऐसी गलतफहमी शुरू होती है, जो अगर जानकारी शुरू में नहीं है तो कई बार आगे चलकर निराशा का कारण बनती है। कई लोगों को नौकरी ज्वाइन करते वक़्त पता चलता है कि जो बैंक खाते में क्रेडिट होगा वह इससे कम राशि है.
वास्तविकता यह है कि CTC, ग्रॉस सैलरी और नेट सैलरी तीन अलग-अलग चीजें हैं, और इनके बीच का अंतर समझे बिना किसी भी नौकरी के प्रस्ताव का मूल्यांकन अधूरा है। आइये सबसे पहले बात करते हैं CTC जिसका फुल फॉर्म होता है Cost to Company की। जैसा कि नाम से स्पष्ट है, यह वह कुल राशि है जो कंपनी किसी कर्मचारी पर खर्च करती है। इसमें केवल वह वेतन शामिल नहीं होता जो कर्मचारी को मिलता है, बल्कि वे सभी खर्च भी शामिल होते हैं जो कंपनी कर्मचारी के लिए करती है। उदाहरण के लिए, प्रोविडेंट फंड में कंपनी का अपना खुद का योगदान जो एम्प्लोयी के वेतन के अतिरिक्त उसका खुद का अंशदान होता है, ग्रेच्युटी, बीमा, मेडिकल सुविधाएँ, और कई बार कार, घर या बच्चों की शिक्षा जैसी सुविधाएँ भी इसमें जोड़ दी जाती हैं।
यानी सरल शब्दों में कहें तो CTC एक “एक कम्पनी द्वारा आप पर किया गया कुल खर्च है” है, न कि “आपकी जेब में आने वाली राशि”। यहीं पर दूसरा महत्वपूर्ण शब्द आता है ग्रॉस सैलरी। ग्रॉस सैलरी वह राशि होती है जो कर्मचारी को मिलनी तय होती है, लेकिन इसमें से अभी कोई कटौती नहीं हुई होती। इसमें बेसिक सैलरी, हाउस रेंट अलाउंस , और अन्य भत्ते शामिल होते हैं लेकिन ध्यान देने वाली बात यह है कि इसमें भी कंपनी द्वारा किए गए कुछ खर्च शामिल नहीं होते, जैसे कि कंपनी का PF योगदान।
तीसरा और सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है नेट सैलरी या इन-हैंड सैलरी। यही वह राशि है जो महीने के अंत में कर्मचारी के बैंक खाते में आती है। यह ग्रॉस सैलरी से विभिन्न कटौतियों के बाद मिलती है। इन कटौतियों में कर्मचारी का PF योगदान, ESIC, प्रोफेशनल टैक्स, और आयकर (TDS) शामिल होते हैं। मतलब CTC से कम ग्रॉस सैलरी और ग्रॉस सैलरी से कम नेट सैलरी होती है.
और यही वह बिंदु है जहाँ अधिकांश युवा भ्रमित हो जाते हैं। उन्हें लगता है कि जो CTC ऑफर किया गया है, वही उनकी मासिक आय का आधार होगा लेकिन जब पहली सैलरी खाते में आती है, तो वास्तविकता कुछ और ही होती है। मान लीजिए किसी कंपनी ने ₹13,000 प्रति माह का CTC ऑफर किया। पहली नज़र में ऐसा लगेगा कि मासिक राशि यही मिलेगी , लेकिन जब इसका वास्तविक ब्रेकअप किया जाता है, तो तस्वीर बदल जाती है। इसमें से कंपनी का PF योगदान अलग हो जाता है, फिर कर्मचारी के हिस्से का PF, प्रोफेशनल टैक्स और ESIC जैसी कटौतियाँ होती हैं। अंततः जो राशि कर्मचारी के खाते में आती है, वह लगभग ₹9,000 के आसपास रह जाती है। यानी लगभग ₹4,000 का अंतर।
यह अंतर कोई धोखाधड़ी नहीं है बल्कि वेतन संरचना का हिस्सा है। समस्या केवल यह है कि इस संरचना को समझाए बिना CTC को प्रमुखता दी जाती है।
आज के कॉर्पोरेट माहौल में CTC को एक मार्केटिंग टूल की तरह भी इस्तेमाल किया जाता है। कंपनियाँ अपने ऑफर को आकर्षक बनाने के लिए CTC को अधिक दिखाती हैं जबकि वास्तविक इन-हैंड सैलरी अपेक्षाकृत कम होती है। यह पूरी तरह गलत नहीं है, क्योंकि कंपनी वास्तव में इतना खर्च कर रही होती है, लेकिन कर्मचारी के दृष्टिकोण से यह अधूरी जानकारी होती है।
यहीं पर आवश्यकता है वित्तीय जागरूकता की। खासकर उन युवाओं के लिए जो अपने करियर की शुरुआत कर रहे हैं। उन्हें यह समझना होगा कि नौकरी का मूल्यांकन केवल CTC के आधार पर नहीं, बल्कि इन-हैंड सैलरी, बचत और कर संरचना को ध्यान में रखकर करना चाहिए। इसीलिए जब भी कोई ऑफर मिले, कुछ बुनियादी सवाल जरूर पूछने चाहिए जैसे मुझे हाथ में कितनी सैलरी मिलेगी? कितना PF कटेगा? क्या कोई वेरिएबल पे इसमें जुड़ा है? क्या बोनस सुनिश्चित है या प्रदर्शन पर निर्भर है? टैक्स कितना लगेगा? इन सवालों के जवाब न केवल स्पष्टता देते हैं, बल्कि आपको एक समझदार पेशेवर बनाते हैं।
इसके अलावा, एक और महत्वपूर्ण पहलू है दीर्घकालिक लाभ। कई बार PF, ग्रेच्युटी या बीमा जैसी चीजें तत्काल लाभ नहीं देतीं, लेकिन भविष्य के लिए महत्वपूर्ण होती हैं। इसलिए केवल इन-हैंड सैलरी को ही अंतिम मानक नहीं मानना चाहिए, बल्कि पूरे पैकेज को संतुलित दृष्टि से देखना चाहिए। भारत जैसे देश में, जहाँ वित्तीय शिक्षा अभी भी व्यापक स्तर पर नहीं पहुँची है, इस तरह की समझ अत्यंत आवश्यक है। स्कूल और कॉलेज स्तर पर भी इस विषय को पढ़ाया जाना चाहिए ताकि युवा अपने करियर की शुरुआत सही जानकारी के साथ कर सकें।
अंततः, यह कहा जा सकता है कि CTC एक “आकर्षक संख्या” है, ग्रॉस सैलरी एक “संरचनात्मक संख्या” है, और नेट सैलरी एक “वास्तविक संख्या” है। इन तीनों के बीच का अंतर समझना ही आर्थिक परिपक्वता की पहली सीढ़ी है। अगली बार जब आपके सामने कोई ऑफर आए और उसमें बड़ा CTC लिखा हो, तो केवल उस संख्या से प्रभावित न हों। ठहरकर पूछिए “मेरे खाते में वास्तव में कितना आएगा?” यही सवाल आपको भ्रम से बचाएगा और सही निर्णय लेने में मदद करेगा। युवाओं के लिए यह समझ केवल एक वित्तीय ज्ञान नहीं, बल्कि एक जीवन कौशल है क्योंकि कमाई का असली अर्थ वही है जो आपके हाथ में आता है, न कि वह जो कागज़ पर लिखा होता है।
पंकज जायसवाल