बच्चों का पन्ना

हाथी भैया का ब्याह‌

elephantचूहे के छोटे से बिल में,

चार चार हाथी घुस आये|

डर के मारे बिल के सारे,

चूहे बहुत बहुत घबराये|

 

तब चूहों के ‘मुखिया दादा’,

सभी हाथियों पर चिल्लाये|

बहू बेटियों वाले घर में,

बिना इजाजत क्यों घुस आये|

 

हाथी बोले बहू बेटियों ,

को हम ढेरों तोहफे लाये |

बचा एक क्वांरा हाथी है,

दुल्हन उसे ढूढ़ने आये |

 

इसी बात पर चूहे दादा,

हुये मुदित ,मन में मुस्काये|

प्यारी बिटिया मिस चुहिया को,

सजा धजा कर बाहर लाये|

 

हाथी की चुहिया से शादी?

सबने मिलकर बेंड बजाये|

ब्याह कराकर हाथी भैया,

चुहिया को जंगल ले आये|

प्रभुदयाल श्रीवास्तव