राष्ट्र रक्षाबंधन अनुष्ठान पर्व

डा. विनोद बब्बर 

संस्कृति और पर्व एक दूसरे के उसी तरह से पूरक है जैसे नदी और जल। रक्त और मज्जा। शरीर और आत्मा। संस्कृति जीवन दर्शन, कला, साहित्य, अध्यात्म और संस्कारों जैसे असंख्य रंग-बिरंगे पुष्पों का वह गुलदस्ता है जिसकी सुगंध हजारों वर्षों से निरंतर प्रवाहमान है। पर्व समय-समय पर उस सुगंध की छटा बिखेरने का अवसर होते हैं। बाल गंगाधर द्वारा गणेशोत्सव को स्वतंत्रता आंदोलन से जोड़ना एक उदाहरण है कि पर्व राष्ट्र- ऋ़षियों के चिंतन का प्रसाद है जो आनंद से आरंभ होकर राष्ट्र चिंतन की ओर ले जाता है। यदि वह वैभव के प्रदर्शन और आनंद की मस्ती पर ही अटक जाते हैं तो समझा जा सकता है कि पर्व ने अपने चरम को स्पर्श नहीं किया। इसीलिए वह अपनी राह भटक गया। भविष्य में ऐसी चूक न हो, इसके लिए राग, द्वेष रहित निष्पक्ष चिंतन-मंथन आवश्यक है।  

यूं तो रक्षाबंधन को सांस्कृतिक पर्व है लेकिन इस बार रक्षाबंधन राष्ट्रीय परिपेक्ष्य में हमारी परीक्षा भी है। यह महत्वपूर्ण रक्षाबंधन कब से मनाया जा रहा है, किस-किसने इस पर्व में अपने प्राण-प्रण से रंग भरे हैं, इसपर अनेक विचार हो सकते हैं। सूक्ष्मान्वेषण करने पर सुदर्शन चक्र से श्रीकृष्ण की घायल अंगुली पर अपनी साड़ी फाड़कर बांधती द्रोपदी की छवि सामने अंकित होती है तो राजा बलि का दंभ तोड़ने का पराक्रम देखने को मिलता है। कहा तो यह भी जाता है कि देवों और दानवों के युद्ध में जब देवता हारने लगे, तब वे देवराज इंद्र के पास गए। देवताओं को भयभीत देखकर इंद्राणी ने उनके हाथों में रक्षासूत्र बाँध दिया। इससे देवताओं का आत्मविश्वास बढ़ा और उन्होंने दानवों पर विजय प्राप्त की।

यदि बहुत पुराने समय में न जायें तो याद आता है कि गुजरात में नागौर किले की फिरोजशाह द्वारा घेराबंदी किए जाने पर वहाँ के राजा मानसिंह की पुत्री पन्नादेवी द्वारा अरिकन्द के राजा उम्मेद सिंह को भावभरे पत्र संग भेजी गई राखी ने गौडवान किले की पराजय और हजारों क्षत्राणियों को जौहर करने से बचा लिया था। वामपंथियों द्वारा इतिहास को मनमानी ढंग से प्रस्तुत करने की श्रृंखला में महारानी कर्मवती द्वारा हुमायुं को भेजी राखी  की चर्चा भी की जाती है जबकि वास्तविकता से उसका कोई लेना देना नहीं है। लेकिन हाँ, विदेशी आक्रांता सिकन्दर (अलेक्जेंडर) की प्रेमिका ने भारतीय नरेश पोरस को राखी बांधकर सिकन्दर की प्राण रक्षा का वचन लेना इतिहास का एक निर्णायक मोड़ साबित हुआ। कहा जाता है कि विश्वविजेता बनने निकले सिकन्दर संग युद्ध में एक अवसर ऐसा भी आया था जब राजा पोरस उसका आसानी से वध कर सकते थे लेकिन उन्होंने राखी की लाज रखते हुए ऐसा नहीं किया। 

राखी आज बेशक बहन द्वारा भाई को राखी बांधने तथा भाई द्वारा उसे उपहार देने तक सिमटता दिखाई दे रहा हो लेकिन कभी मातृभूमि पर आये संकट का सामना करने जा रहे वीरों को उस नगर की नारियाँ तिलक लगा, हाथ पर रक्षा सूत्र बांधते हुए जहाँ उससे वतन की रक्षा का वचन लेती थी वहीं परमात्मा से उन भुजाओं को बल और अमरत्व प्रदान करने की प्रार्थना भी करती थी ताकि वे राष्ट्र-रक्षा कर सके।

यजुर्वेदः ‘वयं राष्ट्रे जागृयाम पुरोहिताः’ हम (वयं) प्रबुद्धजन (पुरोहिताः) राष्ट्र का  (राष्ट्रे) जागरण करें (जागृयाम) का उद्घोष करता है। इसका आशय स्पष्ट है कि राष्ट्र रक्षा के लिए हम सबको सावधान होकर कार्य करना चाहिए। भारतीय संस्कृति में जननी और जन्मभूमि के प्रति विशेष श्रद्धा है। पश्चिमी भक्त बेशक राष्ट्र शब्द को पश्चिमी विचारकों की देन बताये लेकिन हमारे वेदों में अनेकों बार ‘राष्ट्र’ शब्द का उल्लेख है।  किसी भी राष्ट्र के लिए उसकी सर्वभौमिकता उसकी प्राण-वायु है। पराजित अथवा पराधीन राष्ट्र को प्रतिक्षण अपमानित होना पड़ता है इसीलिए उस राष्ट्र के सुपुत्र अपने प्राणों का बलिदान देकर भी इस कलंक को समाप्त करते हैं।

इतिहास साक्षी है भारत की आजादी की लड़ाई ऐसे असंख्य बलिदानों की बुनियाद पर ही लगातार अपने लक्ष्य की और बढ़ती रही है। मंगल पाण्डे से आरंभ हुई यह श्रृंखला तिलका मांझी, लाला लाजपतराय, भगत सिंह, चन्द्रशेखर आजाद, रामप्रसाद बिस्मिल, अश्फाकुल्ला खां, नेताजी सुभाषचन्द्र बोस जैसे असंख्य, अनाम रणबांकुरों की दास्तान है। 15 अगस्त 1947 को प्राप्त हुई खंडित आज़ादी न केवल हमारे लिए बल्कि सम्पूर्ण विश्व के लिए खतरे का सबक बन रही है। पिछले दिनों पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले ने प्रत्येक भारतीय को विचलित कर दिया। हमारी 22 बहनों बेटियों के सिंदूर को पोछने वाले आतंक के पर्याय पाकिस्तान को हमारी आधुनिक तकनीक से लैस पराक्रमी सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से  ऐसा सबक सिखाया जो उसे लंबे समय तक स्मरण रहेगा।

रक्षाबंधन पर यह विचारणीय है कि एक ओर पाकिस्तान के आतंक तो दूसरी पाकिस्तान  के मददगार चीन के अधिनायकवाद से किस तरह से निपटा जाए। क्या भारतीय अर्थव्यवस्था को कमजोर करने के प्रयासों में संलग्न तथा हमारी सीमाओं को अशांत करने वाले चीन को समृद्ध बनाने में हमारी कोई भूमिका होनी चाहिए? प्रत्येक भारत पुत्र एक स्वर में इसे अस्वीकार करेगा। इसलिए आप सभी का कर्तव्य है कि अपनी और अपनों की कलाई पर ‘ केवल भारतीय रक्षा सूत्र’ (चीनी राखी हर्गिज नहीं) बांधते/ बंधवाते हुए संकल्प ले कि हम अपमान का अमृत पीने की बजाय स्वाभिमान का विष पीने से भी पीछे नहीं हटेंगे। ऐसे तत्वों से खरीदना तो दूर मुफ्त में भी कोई वस्तु नहीं लेंगे ।

भारत जब विश्वअर्थव्यवस्था से पांचवें स्थान पर पहुंच चुका है और शीघ्र ही तीसरे स्थान को प्राप्त करने वाला है, राष्ट्र जागरण और उत्थान की इस बेला पर राष्ट्र- विरोधी शक्तियां जाति, धर्म, प्रान्त, भाषा, सम्प्रदाय के नाम पर हमें बांटने के प्रयासों को तेजी ला रही हैं। पंजाब सहित सारे देश में बहुत तेजी से धर्मान्तरण की प्रयास  हमारी संस्कृति पर कुठाराघात है। झूठे प्रायोजित आरोपों के माध्यम से देश के उत्थान में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले तपवीरों का रास्ता रोकने के लिए ये तत्व किसी भी सीमा तक जा सकते है। अतः इस बार रक्षाबंधन अवसर है राष्ट्र-रक्षा बंधन के संकल्प को प्रबल बनाने का। राष्ट्र-रक्षा का अर्थ उसकी सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं होता अपितु राष्ट्र की संस्कृति, उसके समस्त नागरिक, वन, पर्यावरण, परंपरा, प्रतिष्ठा की रक्षा भी शामिल है। जब तक इस राष्ट्र का एक भी नागरिक उपेक्षित है, राष्ट्र के विकास की सार्थकता नहीं हो सकती। हमें हमारे सांस्कृतिक मूल्यों और हमारे पूर्वजों की कीर्ति से विमुख करके हर प्रयास को असफल बनाना ही होगा।

राष्ट्र रक्षाबंधन यज्ञ को सफल बनाने के लिए सामाजिक समरसता अनिवार्य है। हर प्रकार के भेद को हमेशा के लिए त्याग कर ‘सभी हिन्दु सहोदर’ का भाव स्थायी रूप से हृदयांगम् करना चाहिए। 

राष्ट्र रक्षा बंधन अनुष्ठान का एक महत्वपूर्ण सोपानहर बहन बेटी की रक्षा और उसे पूर्ण स्वाभिमान से उन्नति के हर अवसर प्रदान करने का वचन देना है। कन्या भ्रूण हत्या मानवता के प्रति अपराध तथा माथे पर कलंक है। इसके विरुद्ध जनजागरण के लिए स्वयं को उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करने का संकल्प लेना हर्गिज नहीं भूलना है। हमें आज और अभी जागना होगा वरना कल देर हो चुकी होगी। यदि बेटियां ही नहीं बचेगी तो राष्ट्र-रक्षा के लिए  वीरों को जन्म देने वाली माताएं कहाँ से आएगी? भाई की कलाई पर राखी बांधने वाली बहने कहां से आएगी ?

दुनिया भर के सभी पूजा-पंथ अपने पूर्वजों के पंथ अर्थात ‘हम जो हैं उन्हीं की वजह से हैं’ के परिस्कृत विस्तार होते हैं। एक गौरवशाली अतीत की नींव पर उज्ज्वल भविष्य की कामना हमारे आने वाली वीडियो के अधिकारों को सुरक्षित रखना है। विवेक की सजगता और मन का उत्साह राष्ट्र की जीवांतता की कसौटी होती है। आइये राष्ट्र रक्षाबंधन के पावन पर्व पर हम स्वयं से पूछें कि क्या हम जीवंत राष्ट्र के जीवंत पुत्र हैं? यदि आपके बुद्धि विवेक से प्राप्त उत्तर हाँ है तो तभी आपको रक्षाबंधन मनाने का अधिकार है क्योंकि आप जानते और मानते है- इदं राष्ट्राय इदं न मम!

डा. विनोद बब्बर 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

* Copy This Password *

* Type Or Paste Password Here *

17,871 Spam Comments Blocked so far by Spam Free Wordpress