लेख

आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक: मानव सुरक्षा और पशु संरक्षण के बीच संतुलन की आवश्यकता

देश के अधिकांश शहरों और कस्बों में आवारा कुत्तों की समस्या अब केवल असुविधा का विषय नहीं रह गई है, बल्कि यह एक गंभीर सामाजिक, पर्यावरणीय और जनसुरक्षा का प्रश्न बन चुकी है। ताज़ा समाचारों के अनुसार, शहरों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों के झुंड हिरण, नीलगाय तथा अन्य वन्य जीवों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं। वन विभाग का अनुमान है कि इस कारण बड़ी संख्या में वन्य जीवों की मृत्यु हो रही है। यदि यही स्थिति बनी रही तो जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

यह बात तो रही वन्य जीवो की , शहरों में रहने वाला प्रत्येक नागरिक भी इस समस्या से प्रतिदिन जूझ रहा है। सुबह की सैर पर निकले बुजुर्ग हों, स्कूल जाते बच्चे हों या रात को काम से लौटने वाले लोग—हर किसी के मन में आवारा कुत्तों का भय बना रहता है। कई बार कुत्तों के झुंड राहगीरों का पीछा करते हैं, जिससे दुर्घटनाएँ भी हो जाती हैं। कुत्तों के काटने की घटनाएँ लगभग प्रतिदिन समाचारों की सुर्खियाँ बन रही हैं।

हाल ही में करनाल में सुबह टहलने गई एक महिला की आवारा कुत्तों के हमले में मृत्यु ने पूरे देश को झकझोर दिया। ऐसे अनेक मामले सामने आ चुके हैं जिनमें छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं पर कुत्तों ने हमला किया। यह स्थिति स्पष्ट संकेत देती है कि अब केवल संवेदना व्यक्त करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि ठोस और प्रभावी कार्रवाई करनी होगी।

इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए सर्वोच्च न्यायालय ने भी इस विषय पर चिंता व्यक्त करते हुए विभिन्न राज्यों और स्थानीय निकायों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक नागरिक को संविधान के अनुच्छेद 21 के अंतर्गत भयमुक्त और गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार है। साथ ही नगर निकायों को आवारा कुत्तों की नसबंदी, टीकाकरण, आश्रय-स्थलों की व्यवस्था, हेल्पलाइन तथा निर्धारित स्थानों पर ही भोजन उपलब्ध कराने जैसी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। न्यायालय ने यह भी कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर अनियंत्रित रूप से कुत्तों को भोजन कराना उचित नहीं है और इसके लिए निर्धारित स्थान बनाए जाएँ।

यह भी सत्य है कि पशुओं के प्रति दया और करुणा हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है। किसी भी निर्दोष पशु के साथ क्रूरता न तो मानवीय है और न ही स्वीकार्य। किंतु मानव जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसलिए समाधान ऐसा होना चाहिए जिसमें पशुओं के अधिकार भी सुरक्षित रहें और आम नागरिक भी भयमुक्त होकर अपने दैनिक जीवन का निर्वाह कर सकें।

आज आवश्यकता इस बात की है कि प्रत्येक नगर निगम और नगर परिषद अपने क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में आधुनिक डॉग शेल्टर (कुत्ता आश्रय-गृह) स्थापित करे। आवारा कुत्तों की वैज्ञानिक ढंग से पहचान, नसबंदी, टीकाकरण और स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए। जो कुत्ते अत्यधिक आक्रामक अथवा रेबीज़ से संक्रमित हों, उनके लिए अलग सुरक्षित व्यवस्था की जाए। साथ ही इच्छुक परिवारों को प्रशिक्षित एवं स्वस्थ कुत्तों को गोद लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। इससे एक ओर सड़कों पर आवारा कुत्तों की संख्या घटेगी और दूसरी ओर अनेक कुत्तों को सुरक्षित परिवार भी मिल सकेंगे।

इसके अतिरिक्त लोगों में भी जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। घरों और बाजारों में खुले में खाद्य अपशिष्ट फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगानी होगी, क्योंकि यही आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या का एक प्रमुख कारण है। स्थानीय प्रशासन, पशुपालन विभाग, वन विभाग, सामाजिक संस्थाएँ और आम नागरिक यदि मिलकर कार्य करें तो इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सकता है।

आवारा कुत्तों का प्रश्न न तो केवल पशु प्रेम का है और न ही केवल मानव सुरक्षा का। यह संतुलित, संवेदनशील और व्यावहारिक नीति का विषय है। समय आ गया है कि सरकारें सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन करें और ऐसी व्यवस्था विकसित करें, जिसमें न वन्य जीव असुरक्षित हों, न आम नागरिक भयभीत रहें और न ही पशुओं के साथ अमानवीय व्यवहार हो। यही एक सभ्य और उत्तरदायी समाज की पहचान होगी।