उप-शीर्षक: आँध्रप्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के प्रस्ताव से फिर छिड़ी बहस
अर्थव्यवस्था में करेंसी नोटों का प्रवाह अर्थशास्त्रियों के लिए एक गंभीर व दिलचस्प विषय रहा है; अलग-२ फेसवैल्यू के करेंसी नोटों द्वारा अर्थव्यस्था में मौद्रिक संचालन करके सरकार विनिमय को आसान व सर्वसुलभ बनाने का कार्य करती है; जोकि आर्थिक विकास के मौद्रिक निति का सर्वाधिक महत्वपूर्ण पहलू है। गत 9 नवंबर 2026 को अमरावती में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने एक ऐसा बयान दिया, जिसने पूरे देश में हलचल मचा दी। उन्होंने कहा, “500 रुपये के नोट बंद कर दिए जाने चाहिए। देश में केवल 100 और 200 रुपये के नोट ही रहने चाहिए।” नायडू का तर्क था कि बड़े नोटों से भ्रष्टाचार, काला धन और चुनावों में पैसे का गलत इस्तेमाल बढ़ता है। अगर नकद लेन-देन छोटा हो जाएगा, तो लोग डिजिटल भुगतान की ओर जाएंगे और हर लेन-देन का हिसाब रहेगा। गौरतलब है कि यह बयान नोटबंदी की 10वीं वर्षगांठ के ठीक एक दिन बाद आया, इसलिए सोशल मीडिया पर यह अफवाह फैल गई कि 500 का नोट फिर से बंद होने वाला है, लेकिन सच्चाई यह है कि यह अभी सिर्फ एक मांग है, सरकारी फैसला नहीं। ज़ाहिर है केंद्र सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से 500 रुपये के नोट को बंद करने का कोई ऐलान नहीं हुआ है। इस सम्बन्ध में आरबीआई पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि 500 रुपये के नोट की छपाई या आपूर्ति बंद करने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। यद्यपि 500 का नोट आज भी पूरी तरह वैध मुद्रा है और पहले की तरह चलन में है फिर भी, यह बहस महत्वपूर्ण है। इस सन्दर्भ में कई महत्वपूर्ण प्रश्न है जैसे- क्या सच में बड़े नोट बंद करने से भ्रष्टाचार खत्म हो जाता है, व्यक्तियों के विनिमय शक्ति और तरीके पर क्या प्रभाव पड़ेगा, दुनिया के दूसरे देशों ने इस बारे में क्या किया, इत्यादि। सबसे पहले यह समझना आवश्यक है कि बड़े नोट बंद करने के पीछे तर्क क्या है?
समर्थकों का पहला तर्क है – “काला धन रोकना।” बड़े नोटों को बंद करने के पक्ष में तर्क दिया जाता है कि 1 करोड़ रुपये 500 के नोटों में ले जाना आसान है, इसमें सिर्फ 20,000 नोट चाहिए; यही रकम यदि 100 के नोटों में ले जानी हो तो 1 लाख नोट चाहिए, जो भारी, बड़ा और पकड़े जाने का खतरा बढ़ा देता है। इसके अतिरिक्त, कम मूल्य के नोटों से नकद रिश्वत और चुनावी पैसा बांटना मुश्किल हो जाता है। दूसरा तर्क है – “नकली नोटों के प्रचलन पर लगाम लगाना।” नकली 500 का नोट बनाने में जालसाज को 500 रुपये का फायदा होता है, जबकि नकली 100 के नोट में सिर्फ 100 रुपये का। इसलिए बड़े नोट जालसाजों के लिए ज्यादा आकर्षक होते हैं। तीसरा तर्क है – “डिजिटल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना।” जब बड़ा नकद उपलब्ध नहीं होगा, तो लोग यूपीआई, कार्ड और बैंक ट्रांसफर की ओर जाएंगे। हर भुगतान का डिजिटल निशान बनेगा, जिससे टैक्स चोरी पकड़ना आसान होगा। ये सभी तर्क सुनने में मजबूत लगते हैं, लेकिन दुनिया का अनुभव बताता है कि नातों के प्रचलन में बदलाव के सन्दर्भ में बदलाव की ‘प्रक्रिया व तरीका’ ही सर्वाधिक महत्वपूर्ण व गंभीर विषय है। इस अंधारभ में अमेरिका का उदाहरण अत्यंत प्रासंगिक है। अमेरिका में आज सबसे बड़ा नोट 100 डॉलर का है। कभी वहां 500, 1000, 5000 और 10,000 डॉलर के नोट भी चलते थे। 14 जुलाई 1969 को अमेरिकी वित्त विभाग ने इन बड़े नोटों को छापना बंद कर दिया। कारण वही था – अपराधियों द्वारा दुरुपयोग। लेकिन अमेरिका ने रातों-रात नोट बंद नहीं किए। उसने सिर्फ नए नोट छापना बंद किया। पुराने नोट आज भी कानूनी रूप से वैध हैं, बस अब वे कलेक्टरों के पास हैं। सबसे बड़ी बात यह थी कि 1969 तक अमेरिका में चेक, वायर ट्रांसफर और क्रेडिट कार्ड की व्यवस्था मजबूत हो चुकी थी। बड़े सौदों के लिए किसी को नकद की जरूरत ही नहीं थी। यानी पहले डिजिटल व्यवस्था तैयार हुई, फिर बड़ा नोट हटा। एक अन्य उदाहरण यूरोप का है। यूरोप का 500 यूरो का नोट “बिन लादेन” के नाम से मशहूर था; सबको पता था कि है, लेकिन किसी ने देखा नहीं। यह कुल यूरो नोटों का सिर्फ 2.3% था, लेकिन अपराधियों का पसंदीदा था। 10 लाख यूरो 500 के नोटों में सिर्फ 2.2 किलो वजन के होते हैं और एक लैपटॉप बैग में आ जाते हैं। 50 के नोटों में वही रकम 22 किलो की हो जाएगी। 2016 में यूरोपीय सेंट्रल बैंक ने इसे बनाना बंद करने का फैसला किया। जनवरी 2019 में 17 देशों ने इसे जारी करना बंद कर दिया। जर्मनी और ऑस्ट्रिया ने अप्रैल 2019 तक जारी रखा ताकि बदलाव आराम से हो। यहां भी सबसे अहम बात यह थी कि यूरोप ने पुराने नोटों को रद्दी नहीं घोषित किया। ईसीबी ने साफ कहा – “मौजूदा 500 यूरो के नोट वैध रहेंगे और हमेशा अपना मूल्य बनाए रखेंगे।” पुराने नोट धीरे-धीरे बैंकों में वापस आए और 5-6 साल में अपने आप कम हो गए। कोई कतार नहीं लगी, कोई घबराहट नहीं फैली। फिर भी जर्मनी में लोगों ने इसका विरोध किया, क्योंकि उन्हें लगा कि यह नकद खत्म करने की शुरुआत है।
अब सवाल उठता है की क्या बड़ा नोट ही भ्रष्टाचार की जड़ है? जवाब है आवश्यक रूप से नहीं।इस सन्दर्भ में स्विट्जरलैंड का उदाहरण प्रासंगिक है। वहां 1000 फ्रैंक का नोट चलता है, जो भारतीय रुपये में करीब 1 लाख 10 हजार रुपये के बराबर है। फिर भी स्विट्जरलैंड दुनिया के सबसे कम भ्रष्ट देशों में है। सिंगापुर ने 10,000 डॉलर का नोट 2014 तक जारी किया, और वह भी सबसे साफ-सुथरे देशों में से एक है। जापान में 10,000 येन का नोट चलता है और वहां नकद का इस्तेमाल बहुत ज्यादा है, लेकिन भ्रष्टाचार बहुत कम है। इससे साफ है कि बड़ा नोट अपने आप भ्रष्टाचार पैदा नहीं करता बल्कि कमजोर व्यवस्था करती है।
भारत के लिए असली चुनौतियाँ क्या हैं?
पहली चुनौती आम आदमी को होगी, एक उदाहरण से समझते है यदि किसी व्यक्ति को 40,000 रुपये का फ्रिज खरीदन है तो उसे 100 रूपये के 400 नोट चाहिए होंगे। ज़ाहिर है इसे बाजार के भीतर अथवा भीड़भाड़ वाली जगहों पर सुरक्षित रखना एक गंभीर चुनौती है।
दूसरी चुनौती मुद्रा निर्गमन में सरकारी खर्च पर बोझ की होगी। 500 का नोट छापने में करीब 2.50 रुपये लगते हैं, 100 का नोट छापने में भी करीब 2 रुपये। 1 लाख रुपये की कीमत के लिए 200 नोट की जगह 1000 नोट छापने होंगे। यानी छपाई, ढुलाई और सुरक्षा का खर्च 5 गुना बढ़ जाएगा।
तीसरी चुनौती एटीएम की होगी। एक एटीएम में करीब 2500 नोट आते हैं। अगर सिर्फ 100 के नोट होंगे, तो एटीएम 1-2 घंटे में खाली हो जाएगा। बैंकों को दिन में 4-5 बार एटीएम भरना पड़ेगा।
चौथी और सबसे बड़ी चुनौती यह है कि भ्रष्टाचार सिर्फ रूप बदल लेगा। नकद की जगह सोना, डॉलर, बिटकॉइन या विदेशी खातों में रिश्वत ली जाने लगेगी। अर्थशास्त्री इसे “गुब्बारे का सिद्धांत” कहते हैं – एक तरफ दबाओ, दूसरी तरफ फूल जाएगा।
सही रास्ता क्या है?
दुनिया ने हमें एक ही सबक दिया है। सही क्रम यह है की सबसे पहले डिजिटल व्यवस्था मजबूत किया जाय, जिससे नकदी का इस्तेमाल अपने आप कम होगा, और तब बड़े नोटों की छपाई धीरे-धीरे बंद करना सुगम व कम जोखिम भरा होगा। भारत के लिए भी सही तरीका यही होगा – 500 के नोट को रातों-रात रद्दी घोषित करने की बजाय, नए नोटों की छपाई धीरे-धीरे कम की जाए, पुराने नोट 10 साल तक वैध रहें, और गांवों में बिना इंटरनेट के भी यूपीआई चले, ऐसी व्यवस्था बने। नायडू का इरादा सही हो सकता है – भ्रष्टाचार रोकना। लेकिन इतिहास बताता है कि नोट बंद करना भ्रष्टाचार का इलाज नहीं, सिर्फ एक संकेत है। असली इलाज है – मजबूत व्यवस्था, पारदर्शी लेन-देन और भरोसेमंद डिजिटल ढांचा।