सुभाष शिरढोनकर
फिल्म ‘ऊंचाई’ (2022) के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने के बाद भारतीय सिनेमा के दिग्गज फिल्मकार सूरज बड़जात्या ने पारिवारिक मूल्यों और मधुर संगीत की अपनी सिग्नेचर शैली के साथ राजश्री प्रोडक्शंस के लिए अपनी अगली फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ की आधिकारिक घोषणा की है।
सूरज बड़जात्या के डायरेक्शन में बनने वाली ये फिल्म राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बनाई जा रही है। ‘ऊंचाई’ (2022) के बाद, सूरज बड़जात्या और महावीर जैन एक बार फिर इस फिल्म में साथ काम कर रहे हैं।
12 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद फिल्म के लिए सूरज बड़जात्या ने इस बार आयुष्मान खुराना को प्रेम के के लिए चुना है। इस फिल्म का टाइटल पहले ‘प्रेम की शादी’ सोचा गया था लेकिन अब फिल्म का नाम ‘ये प्रेम मोल लिया’ फाइनल किया जा चुका है।
आयुष्मान खुराना जिस तरह से अपनी सहज अदाकारी के जरिए मध्यमवर्गीय किरदारों में जान फूंकते आए हैं उसे देखते हुए यह तय माना जा रहा है कि वह ‘प्रेम’ के इस सदाबहार किरदार को एक नया और शरारती आयाम देने में अवश्य कामयाब होंगे।
आयुष्मान खुराना के अपोजिट पहली बार शरवरी वाघ नजर आएंगी। शरवरी की सादगी और शालीनता राजश्री की पारंपरिक नायिकाओं की छवि को पूरी तरह से मेल खाती है।
आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ के अलावा फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में अनुपम खेर, सीमा पाहवा और सुप्रिया पाठक के नाम भी शामिल हैं। इस फिल्म की एक और बड़ी खासियत यह है कि इसके जरिए फिल्म ‘प्रेम रतन धन पायो’ (2015) के 11 साल बाद निर्देशक सूरज बड़जात्या और संगीतकार हिमेश रेशमिया का पुनर्मिलन होने जा रहा है।
आयुष्मान खुराना ने फिल्म ‘विकी डॉनर’ (2012) के साथ बॉलीवुड डेब्यू किया था। उनके फिल्मी करियर को 14 साल हो चुके हैं। इन 14 सालों में उन्होंने कुल 21 फिल्मों में काम किया है।
इनमें से उनकी कुछ फिल्में हिट, कुछ सुपर हिट और कुछ फिल्में फ्लॉप भी रहीं। उनकी सुपर हिट फिल्मों में पहली सुपरहिट फिल्म ‘अंधाधुन’ (2018) थी। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 74.59 करोड़ कमाए थे।
इसके बाद उसी साल आई ‘बधाई दो’ (2018), 137.61 करोड़ रुपए के बिजनेस के साथ उनकी दूसरी सुपरहिट फिल्म बनी।
‘ड्रीम गर्ल’ (2019) आयुष्मान खुराना के करियर की तीसरी सुपर हिट फिल्म थी। इस फिल्म ने 142.26 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया।
आयुष्मान खुराना पिछली बार आदित्य सरपोतदार व्दारा मैडॉक फिल्म्स के लिए निर्देशित हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘थामा’ (2025) में नजर आए थे। फिल्म में उनके अपोजिट लीड रोल में रश्मिका मंदाना थीं। उनकी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर काफी शानदार प्रदर्शन किया था।
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की पेयरिंग वाली एक और फिल्म ‘उड़ता तीर’ इस साल 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। उनकी यह स्पाई कॉमेडी फिल्म जासूसी की दुनिया को हल्के-फुल्के, मजेदार और मनोरंजक अंदाज में पेश करेगी। जिसमें स्पाई मिशन, ऐक्शन और कॉमेडी का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा ।
करण जौहर, आदर पूनावाला, अपूर्वा मेहता, गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन व्दारा प्रोडयूस की गई इस फिल्म को आकाश ए कौशिक डायरेक्ट कर रहे हैं।
सुभाष शिरढोनकर