व्यंग्य

न्याय बिकता है

judge

चरित्र जज साहब, कपिल सिब्बल, गरीब किसान दीना और उसका वकील सुरेश …

(किसान दीना के खेत पर प्रधान ने कब्जा कर लिया है | सुनवाई हो ही रही थी कि सिब्बल साहब का फ़ोन आ जाता है)

 

कपिल सिब्बल :- “हेल्लो हजूर, .. माईबाप हैं का ?

जज साहब :- कहिये क्या हुआ ??

कपिल सिब्बल :- गजब हो गया साहब, जुलम हो गया | लूट की थी पर अब खुदै ही लुट गये हजूर | बचा लीजिये | अब आपै का ही सहारा है |

जज साहब :- अरे कुछ आगे भी कहिये जनाब | हुआ क्या है कुछ तो बताइए ?

कपिल सिब्बल :- हुआ क्या जनाब | चंदा हुआ था | डायन खा गयी | आरोप मा मैय्या जी को पकड़ लिये हैं | कहते हैं आज ही पवित्तर करेंगे | आज ही सती करेंगे |

जज साहब :- अरे ठंडा पानी पीजिये सिब्बल साहब और साफ साफ कहिये कि बात क्या है ?

कपिल सिब्बल :- गुजरात मा आग लगी थी हजूर | सती मैय्या बेघरन काजे आगे आई | खून पसीना एक करकै पाई पाई जोड़ी | चंदा किया था पर खसम ने आकै खेल बिगाड़ दिया | सब खा गया साहब कच्छओ नहीं बचा |

 

 

 

 

जज साहब :- (आखें चमकाते हुए) अब आया थोड़ी थोड़ी समझ में | आप गुजरात दंगो की बात कर रहे हैं |

कपिल सिब्बल :- नहीं माईबाप गुजरात दंगो से आगे की बात कर रहे हैं |

दीना :- (हाथ जोड़कर) हमाई ऊ सुन लेउ साब | जोहरू बाट जोहत है | बिटवा का शरीर तप रहा है | कल से अन्न का दाना हु न गया अन्दर | माईबाप | तनी जल्दी से सुन…

जज साहब :- (गुस्से में )विल यू कीप क्वाईट | यू आर इंटरएप्टिंग द कोर्ट एक्शन | नेक्स्ट टाइम यू विल स्पीक एंड यू विल बी चार्ज फॉर कंटेम्प्ट ऑफ़ कोर्ट |

(किसान का वकील किसान की तरफ हिकारत से देखते हुए चुप रहने का इशारा करता है | कांपता हुआ किसान चुप हो जाता है | )

जज साहब :- माफ़ कीजियेगा सिब्बल साहब | हाँ तो आप क्या कह रहे थे ?

कपिल सिब्बल :- गुजरात के आगे की कहानी है साहब | तबाह घर की आंच पर जैसे तैसे तवा रखा | रोटी की जगह बोटी सेकीं | लाशो के ढेर पर बैठ मटन खाया पानी की जगह खून पिया | खाय खाय के मुटाय गई | समय के साथ भेद खुला | पता चला कि जख्मों पर मरहम लगाने वाली मदर टेरेसा की साक्षात् अवतार तो बगुला भगत है | मेंढकन को सुरक्षित दूसरे तालाब में पहुँचाने की जगह एक एक करकै निगल गयी | अब सिगरे मेढक बचा खुचा दाना पानी बचाए खातिर सरकार से जुहार करें हैं |

जज साहब :- हम्म ! सुन रहे हैं | आगे सुनाइए |

कपिल सिब्बल :- और का हजूर, खाला के मामूजान द्वारे खड़े हैं | सरकारी कंगना लाये हैं | कह रहे हैं कि बरात खातिर बहू की विदा करेंगे आज | सरकारी बंगला दिलवाएंगे | सिगरी चर्बी पिघलायेंगे |

जज साहब :- तो कर लेने दीजिये न गिरफ्तार | बेल हो जायेगा | इतना बड़ा गुनाह नहीं है गबन हमारी कानूनी किताब में |

कपिल सिब्बल :- ई का कह रहे हैं हजूर | परवरदिगार की निगाह से देश विदेश में बहुत इज्जत है | मिटटी में मिल जाई सब इज्जत |

जज साहब :- (नि:श्वास) अच्छा ! क्या सेवा कर सकते हैं हम | चाहते क्या हैं आप हमसे ?

कपिल सिब्बल :- सेकुलरिज्म खतरे में है माईबाप कुछ कीजिये |

जज साहब :- चलिए बेल दे देते हैं धर्मदेवी को | पुलिस का चाय पानी कराईयेगा | घर आएगी पूछताछ करने |

 

 

 

 

कपिल सिब्बल :- हजूर की जय हो | न्याय की जय हो | संविधान की जय हो | भारत की जय हो |

(जज साहब कलम चलाकर तीस्ता को गिरफ्तार न करने का आदेश दे देते हैं | आर्डर आर्डर कर कोर्ट बर्खास्त कर देते हैं | नेपथ्य में न्याय की देवी की मूर्ती के हाथ से न्याय का तराजू छूट जाता है | आँख की पट्टी और काली हो जाती है | गरीब किसान भूख से बेहाल बेहोश हो जाता है | जज साहब अपने घर चले जाते हैं | )

पर्दा गिरता है |

 

अनुज अग्रवाल