सुभाष शिरढोनकर
हिंदी सिने जगत के टैलेंटेड एक्टर्स में से एक माने जाने वाले शाहिद कपूर ने फिल्म ‘उड़ता पंजाब’ (2016), ‘पद्मावत’ (2018), ‘कबीर सिंह’ (2019), ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ (2024) और ‘देवा’ (2025) जैसी शानदार फिल्में की हैं और अपनी दमदार एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीता है।
शाहिद कपूर अपनी शानदार एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने के लिए बहुत मेहनत की है। ऐसे अनेक रोल हैं जिनके लिए शाहिद को हमेशा याद करते हैं।
शाहिद की सबसे खास बात ये है कि लोग उन्हें चॉकलेटी बॉय से लेकर राउडी, सभ तरह के लुक में पसंद करते है। शाहिद कपूर के पास डैशिंग लुक के साथ नेचुरल एक्टिंग और डांस मूव्स से फैंस को कायल करने का भरपूर हुनर है। इसी वजह से फैंस को उनकी फिल्मों का बेसब्री से इंतजार रहता है।
इस साल रिलीज फिल्म ‘देवा’ (2025) के पुलिस अधिकारी वाले किरदार में में शाहिद कपूर छा गए थे। फिल्म में पूजा हेगड़े एक पत्रकार के लीड रोल में नजर आईं थीं। लेकिन ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं कर सकी।
शाहिद विशाल भारद्वाज के साथ एक अनटाइटल्ड फिल्म कर रहे हैं। फिल्म का टाइटल बहुत जल्दी अनाउंस करने की उम्मीद की जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म का टाइटल ‘रोमियो’ हो सकता है और ये इस साल 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है।
विशाल भारद्वाज की इस फिल्म में तृप्ति डिमरी शाहिद कपूर के साथ फिल्म में रोमांस करती नजर आएंगी। दिशा पटानी भी फिल्म के स्पेशल अपीरियंस में दो गानों में नजर आने वाली हैं। वहीं नाना पाटेकर, फरीदा जलाल और अविनाश तिवारी भी फिल्म का हिस्सा होंगे। फिल्म की शूटिंग खत्म हो चुकी है। विशाल के साथ शाहिद की यह चौथी फिल्म है।
शाहिद कपूर के पास साल 2012 की ‘कॉकटेल’ का सीक्वल ‘कॉकटेल 2’ भी है। इसे होमी अदजानिया डायरेक्ट कर रहे हैं। फिल्म में शाहिद के अपोजिट कृति सेनन और रश्मिका मंदाना नजर आएंगी। फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है और ये फिल्म अगले साल के दूसरे हाफ में सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है।
शाहिद कपूर ने साल 2023 में ब्लैक कॉमेडी क्राइम-थ्रिलर सीरीज़ ‘फ़र्ज़ी’ के साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर डेब्यू किया था।
शाहिद कपूर, तमिल सुपरस्टार विजय सेतुपति, राशि खन्ना, के के मेनन और भुवन अरोड़ा जैसे कलाकारों से सजी इस सीरीज को काफी पसंद किया गया था।
तब से फैंस इस सीरीज के दूसरे पार्ट का इंतजार कर रहे हैं। मेकर्स ने ‘फ़र्ज़ी’ (2023) के सीक्वल का एलान कर दिया है। अनाउंसमेंट के साथ ही फैंस के बीच इस सीक्वल ‘फर्जी 2’ को लेकर जबर्दस्त बज बना हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक ‘राज और डीके की जोड़ी फिलहाल ‘रक्त ब्रह्मांड’ में बिजी है। इसे रैप करने के बाद, वे ‘फ़र्ज़ी 2’ के प्री-प्रोडक्शन के लिए आगे बढ़ेंगे और दिसंबर तक इसे फ्लोर पर ले जाएंगे।
मिली जानकारी के अनुसार ‘फ़र्ज़ी 2’ में एक बार फिर शाहिद कपूर का सामना विजय सेतुपति और के के मेनन से होगा। इस सीरीज का प्रीमियर 2026 के सेकेंड हाफ में अमेज़न प्राइम वीडियो पर होने की संभावना है।
सुभाष शिरढोनकर