वेलेंटाइन डे, बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना


भारत ने संसार को प्रेम और भ्रातृत्व का सन्देश दिया | हमारे यहाँ प्रेम, की वैसी परिभाषा नहीं है जैसी कि पश्चिमी देशों में है | किन्तु आज का तथाकथित एलीट वर्ग पश्चिम से आयी प्रत्येक परंपरा को प्रतिष्ठा की बस्तु (स्टेटस सिम्बल) मानकर उसके पीछे दौड़ पड़ते हैं | योरप में प्रेम का प्रतीक माना जाने वाला वेलेंटाइन डे अब वेलेंटाइन वीक बनगया है | किंवदंती है कि रोम का राजा क्लॉ डियस विवाह करने की प्रथा के विरुद्ध था | यह भी कहा जाता है कि योरप में कुछ सदी पूर्व तक विवाह की परंपरा सामान्य प्रचलन में न थी | वेलेंटाइन चाहते थे कि वासना की स्वेच्छाचरिता को समाप्त कर लोग विवाह करें किन्तु उनके इस अभियान को वहाँ दण्डनीय माना गया परिमाण यह हुआ कि उन्हें मृत्यु दण्ड मिला | जिन युगलों के उन्होंने विवाह कराए वे प्रतिवर्ष उनकी मृत्यु के दिन श्रद्दांजलि देने लगे और इस प्रकार वेलेंटाइन डे की परंपरा आरम्भ हुई | किन्तु भारत में इसका क्या औचित्य है ? यह चिंतन का विषय है | क्योंकि हमारे यहाँ तो गृहस्थ आश्रम ही समाज की रीढ़ है | भारत में कोई पुत्री अपने पिता या माँ से कहे,पापा यू आर माई वेलेंटाइन तो इसका अर्थ होगा कि पिता जी आप मेरा विवाह कराने वाले व्यक्ति हैं, आपका आभार | भारत में तो माता-पिता की इच्छा से विवाह करना श्रेष्ठ माना जाता है और यहाँ विवाह मत करो ऐसा कहने वाले लोग भी नहीं है फिर इसमें वेलेंटाइन के नाम पर क्या जोड़ें-घटाएँ यह समझ से परे है |
यदि दूसरे मिथक को मान लें जिसके अनुसार वेलेंटाइन किसी राजकुमारी से प्रेम करते थे उसे लिखे प्रेमपत्र के अंत में तुम्हारा वेलेंटाइन,ऐसा लिखा था | प्रेम करने के अपराध में उन्हें फाँसी दी गई इसीलिए वे प्रेम करने वालों के लिए प्रेरणा बन गए | यदि ऐसा है तो फिर लैला मजनू,हीर-राँझा के प्यार में कौन सी कमी रह गई कि उनकी याद में प्रेम दिवस या प्रेम या सप्ताह नहीं मनाए जाते ? हमारे यहाँ प्रेम दिवानी मीरा को पूजा जाता है किन्तु ध्यान रहे भारतीय समाज प्रेम के वासना रहित स्वरुप या कहें सात्विक प्रेम का ही अभिनन्दन करता है | वासना जनित प्रेम या प्रेम के नाम पर होने वाली कथित काम-क्रीडाओं को यहाँ सम्मान की द्रष्टि से नहीं देखा जाता |
आधुनिक वेलेंटाइन वीक के जनक हैं यूरोपीय बाजार | उपहार बनाने-बेचने वाली कंपनियों ने जब यह देखा कि क्रिसमस के बाद वेलेंटाइन डे के आस-पास भी ग्रीटिंग कार्डों की डिमांड बढ़ जाती है | तो उन्होंने इसे प्रमोट करना आरंभ किया, वेलेंटाइन को दी जाने वाली श्रद्धांजलियाँ धीरे-धीरे उल्लास और प्रेम के उत्सव में बदल दी गईं | प्रार्थनाएँ प्रपोज डे में रूपांतरित हो गईं और देखते-ही-देखते यह उत्सव वेलेंटाइन वीक बना गाया | अब पूरे सप्ताह बाजार में रौनक रहे,बिक्री बढ़े इसके लिए एक दिन रोज डे मनाकर गुलाब बेचे गए और करोड़ों अरबों का व्यापार खड़ा कर लिया गया फिर चॉकलेट वाले इसमें कूद पड़े, एक दिन में कई महीने के बरावर चॉकलेट की विक्री होने लगी | बड़े-बड़े आकर्षक विज्ञापन गढ़े गए विवाहित लोगों के घरों में प्रेमिका की भाँति पत्नी को चॉकलेट खिलाई जाने लगीं | अब फेसबुक आदि सोशल मीडिया ने इसे घर-घर में पहुँचा दिया | एक दिन टैडी डे बना दिया,इतने सब के बाद चौदह फरबरी को क्या करें यह सबसे बड़ी समस्या है | क्योंकि यह दिन तो शोक का दिन है तो इस दिन या तो वेलेंटाइन को श्रद्धांजलि अर्पित करो या एक सप्ताह से चले आ रहे प्रेम प्रसंग को विवाह में परिणत करो किन्तु यहाँ ऐसा कुछ भी नहीं होता | जो होता है वह बहुत ही निंदनीय है, युवक-युवतियाँ और अधिकांश नाबालिग बच्चे दिन भर पार्कों,पर्यटन स्थलों पर भौंडी हरकते या कहें कि अश्लील व अमर्यादित आचरण करते दीखते हैं | सज्जन लोग आज के दिन सार्वजनिक स्थानों पर सपरिवार जाने से भी बचते हैं क्योंकि ऐसे अशोभनीय दृश्य कोई भी भला आदमी अपने बच्चों के साथ देखना पसंद नहीं करता | कई स्थानों पर पुलिस दिन भर इन युगलों को भगाती दीखती है तो कई स्थानों पर सामाजिक कार्यकर्त्ताओं को इन्हें खदेड़ना पड़ता है | बाजारवाद ने प्रेम के नाम पर जो वितंडा खड़ा किया है वह बहुत ही भयानक है | आज नई पीढ़ी के समक्ष प्रबोधन की आवश्यकता है कि प्रेम का वेलेंटाइन रूप हमारे सामाजिक ढाँचे के अनुरूप नहीं है |
डॉ.रामकिशोर उपाध्याय

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here