प्रवक्ता न्यूज़

छठ व्रतियों ने डूबते सूरज को अर्ध्य दिया

chhath-festivalनई दिल्ली, उत्तर भारत के खासकर बिहार व पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों ने छठ पर्व के तीसरे दिन डूबते सूरज को अर्ध्य दिया। इस दौरान पूरा उत्तर भारत श्रद्घा और आस्था के भाव में डूब रहा। बिहार, झारखण्ड, उत्तर प्रदेश समेत केंद्रीय राजधानी में भी कई स्थानों पर ऐसे नजारे देखने को मिले।

कई प्रदेशों में पूजा को संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से खास प्रबंध किए गए थे। राजधानी में दिल्ली सरकार ने छठ पूजा के लिए यमुना नदी के 29 घाटों पर व्यवस्था की है। अनुमान है कि इन घाटों पर करीब 12 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पूजा करने पहुंचे। राजधानी से लगे गाजियाबाद, नोएडा, गुड़गांव आदि इलाकों में भी लोगों ने छोटी नदियों व नहरों के किनारे अस्त होते सूर्य को अर्ध्य दिया।

बिहार में पवित्र गंगा के तटों, तालाबों, कुओं पर छठ व्रती महिलाएं बड़ी संख्या में इकट्ठा हुईं और सूर्य भागवान को पहला अर्ध्य दिया। पूरा प्रांत छठ के गीतों से गुंजायमान रहा। राज्य प्रशासन छठ पूजा के सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।

उधर चंडीगढ़ में भी प्रशासन ने छठ पूजा की विशेष व्यवस्था की है। उल्लेखनीय है कि रविवार को उगते सूरज को अर्ध्य देने के बाद चार दिनों का यह महापर्व संपन्न हो जाएगा।