(पुण्यतिथि 24 अप्रैल पर विशेष)
कुमार कृष्णन
हिंदी साहित्य में दिनकर की पहचान राष्ट्रकवि के रूप में है। उनका साहित्य राष्ट्रीय जागरण व संघर्ष के आह्वान का जीता-जागता दस्तावेज़ है। उनकी राष्ट्रीय चेतना कई स्तरों पर व्यक्त हुई है।
दिनकर राष्ट्रीयता की स्थापित पहचान और स्थापना के मूल्यों के दोआब हैं। सच में यहीं से कोई कवि या चिंतक राष्ट्रीय भारतीयता को प्रस्तुत कर सकता है। इस अर्थ में दिनकर भारतीय राष्ट्रीयता से बढ़ कर राष्ट्रीय भारतीयता के कवि है।
दिनकर की कविताओं में राष्ट्रीय चेतना समग्रता में दिखाई देती है। क्योंकि वह पहले भारतीयता के कवि हैं जो बाद में राष्ट्रीयता के रूप में पहचान बन कर प्रवृत्ति के रूप में उभरती है। वह राष्ट्रीयता की आड़ में भारतीय नहीं, उनकी भारतीयता राष्ट्रीयता के रूप में अपनी पहचान बनाती है।
हुंकार, रेणुका, इतिहास के आँसू जैसी कविताओं में दिनकर जी ने विद्रोह और विप्लव के स्वर को उभारा है। इनमें कर्म, उत्साह, पौरुष एवं उत्तेजना का संचार है। यह सब तत्कालीन राष्ट्रीय आंदोलन की प्रगति के लिये अत्यंत सहायक सिद्ध हुआ।
दिनकर जी के यहाँ राष्ट्रीय चेतना एक अन्य स्तर पर वहाँ दिखाई देती है, जहाँ वे शोषण का प्रतिकार करने का समर्थन करते हैं। वे कहते हैं कि यदि कोई हमारे साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार करे तो नैतिकता का तकाजा युद्ध करना ही है न कि अनैतिकता को स्वीकार करना-
“छीनता हो स्वत्व कोई और तू
त्याग तप से काम ले, यह पाप है।”
संघर्ष के आह्वान के साथ दिनकर जी ने प्राचीन भारतीय आदर्शों एवं मूल्यों की स्थापना के माध्यम से भी राष्ट्रीय जागरण व राष्ट्रीय गौरव की भावनाओं को जगाने में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है।
दिनकर जी की राष्ट्रीय चेतना संकीर्ण नहीं है। यह न केवल ब्रिटिश राज्य का विरोध करने वाली है अपितु स्वतंत्रता के बाद भी जनता के सामाजिक-आर्थिक शोषण के विरुद्ध आवाज़ उठाने वाली है। कवि ने ‘दिल्ली’, ‘नीम के पत्ते’, ‘परशुराम की प्रतिज्ञा’ में स्वतंत्रता-उपरांत जनजीवन में व्याप्त आर्थिक, सामाजिक एवं राजनीतिक विषमताओं का चित्रण किया है-
“सकल देश में हालाहल है, दिल्ली में हाला है।
दिल्ली में रोशनी, शेष भारत में अंधियारा है।”
उन्होंने उन सत्ताधीशों के खिलाफ बेबाक होकर लिखा लिखा है जो राष्ट्रीयता के रंगे चोले में अभारतीयता को ढके रहते हैं। जो जनता के जीवन से खिलवाड़ करते है, जिनके लिए लोकतन्त्र सिर्फ नाटकीयता की वस्तु भर है, जो गरीबों का स्वाभिमान अपने सुख के लिए बेच देते हैं, जो देश की लौकिकता को दरकिनार कर सत्ता के लिए किसी भी हद तक गिर सकते हैं, जिन्होंने अपने लोलुप झूठ के लिए देश को कत्लगाह बना दिया, जो सरकार बचाने के लिए किसानों और मजदूरों के जवान बेटों को युद्धों में झोंक दिया हो- ऐसे राष्ट्रीयता के सौदागरों के लिए दिनकर की कविताएं आज भी झन्नाटेदार सांस्कृतिक तमाचा हैं। बनावटी राष्ट्रवाद पर दिनकर की ये पंक्तियाँ देखी जा सकती हैं-
“वह कौन रोता है वहां
इतिहास के अध्याय पर
जिसमें लिखा है नौजवानों के लहू का मोल है
प्रत्यय किसी बूढ़े कुटिल नीतिज्ञ के व्यवहार का
जिसका हृदय उतना मलिन जितना कि शीर्ष वलक्ष है
जो आप तो लड़ता नहीं
कटवा किशोरों को मगर
आश्वस्त होकर सोचता
शोणित बहा, लेकिन गई बच लाज सारे देश की “
इन पंक्तियों में दिनकर ने युद्ध की राजनीति को भारतीयता की नजर से देखा है। वे राष्ट्रीयता को भारत की सांस्कृतिक परंपरा की विराट चेतना में निरखते हैं। वे अपने समय के मूल्यांकन के लिए सांस्कृतिक मानस में पैठ कर सवाल करते हैं और विश्वयुद्धों की विभीषिका को भारतीयता की मिथिकीय चेतना से जोड़ते हैं। भारतीय मिथकीयता की सांस्कृतिक ताकत को समझने के लिए दिनकर बेहतरीन कवि हैं। कुरुक्षेत्र और उर्वशी जैसे काव्य-ग्रंथ उनकी चेतना की कसौटी हैं।
दिनकर ने अपने समय की राजनीति को जनता और सत्ता के बीच खड़े होकर देखा है। उनकी जनतान्त्रिक पक्षधरता सत्ता के अपराध यदि बेबाकी से बेनकाब करती है, तो सही अर्थों में यह राष्ट्रीय चेतना का सबसे जरूरी पहलू है। अपने देश से लगाव और प्रेम की यह संघर्षशील वास्तविकता है।
भारतीयता और राष्ट्रीयता जिन तत्त्वों से निर्मित होती है, उस तात्त्विकता से सराबोर रहने वाला व्यक्ति ही इनका अधिकारी हो सकता है। प्रेम और लगाव कोई थोपी हुई नैतिकता से नहीं पहचाना जाता, उसके लिए सहजता, स्वाभाविकता, संवेदनशीलता की हार्दिक पात्रता जरूरी है। स्वतन्त्रता आंदोलन में गांधी की भूमिका क्यों आज सबसे बड़ी दिखाई देती है, उनकी भारतीय पैठ सिर्फ भारतीय जनता तक नहीं उससे बाहर भी है।
यह गांधी के जीवन मूल्य ही हैं जो उन्हें भारतीय राष्ट्रीयता से जोड़ते हैं। क्योंकि गांधी की लोकप्रियता के स्तर को कोई दूसरा नेता नहीं छू पाया, इसके पीछे भी वही कारण थे कि गांधी भारतीय मानस के मूल्यों को सहजता, स्वाभाविकता और संवेदनशीलता से जीने वाले प्रतिनिधि थे।
उनका मानना था कि एक अर्द्धनग्न आदमी बिना किसी हथियार के सिर्फ विचारों का लोहा ले रहा है। वह कितना साहसी है। एक कवि हमेशा भविष्य को लेकर सोचता है और दिनकर भी महात्मा गांधी के भविष्य को लेकर लगातार सोचते थे। उन्हें डर था कि कहीं उनके साथ कोई अनहोनी न हो जाए. तभी उन्होंने लिखा- ‘बापू जो हारे, हारेगा जगतीतल का सौभाग्य-क्षेम, बापू जो हारे, हारेंगे श्रद्धा, मैत्री विश्वास प्रेम’, जिस बात का डर था वही हुआ. बापू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बापू की हत्या से दिनकर का क्रोध फूट पड़ा। उन्होंने लिखा- ‘जल रही आग दुर्गन्ध लिये, छा रहा चतुर्दिक विकट धूम, विष के मतवाले, कुटिल नाग निर्भय फण जोड़े रहे घूम, द्वेषों का भीषण तिमिर-व्यूह, पग-पग प्रहरी हैं अविश्वास है, चमू सजी दानवता की खिलखिला रहा है सर्वनाश’.
गांधी की हत्या को लेकर दिनकर का साफ मत था। राष्ट्रपिता की मृत्यु से दुखी कवि बेबाक होकर उनके हत्यारों के बारे में कहता है-‘ कहने में जीभ सिहरती है मूर्च्छित हो जाती कलम हाय, हिन्दू ही था वह हत्यारा’ दिनकर बापू से बहुत प्यार करते थे।बापू की मौत के बाद उन्हें आत्मग्लानि हो रही थी। वह स्वयं को उनका हत्यारा मान रहे थे। उनका साफ मानना था कि बापू की हत्या एक ‘घृणा की विचारधारा’ रखने वाले संगठन ने की है। दुखी मन से दिनकर केवल इतना ही कह पाते हैं- लौटो, छूने दो एक बार फिर अपना चरण अभयकारी रोने दो पकड़ वही छाती, जिसमें हमने गोली मारी।
भारतीय राजनीति के फलक पर एक बहुत भयावह दुर्घटना गांधी की हत्या थी।
जिसने गांधी की हत्या की, वह हत्यारा भी भारतीय राष्ट्रीयता को लेकर विकल दिखाई देता है। गांधी और उनके हत्यारे की राष्ट्रीयता के बीच का फर्क देखना जरूरी है। उस हत्यारे की राष्ट्रीयता भारतीयता से अपरिचित राष्ट्रीयता थी। उसमें सहजता, स्वाभाविकता और संवेदनशीलता की जगह संकीर्णता, कट्टरता और कुटिलता थी। यह राष्ट्रीयता की खाल में अभारतीयता का उन्माद भर था।
आज दिनकर की कविताएं पढ़ कर राष्ट्रीयता को भारतीयता के जामे में लाने की जरूरत है। उनकी कविताएं बताती हैं कि भारतीयता कैसे राष्ट्रीय हो सकती है। आज भारतीय होने से पहले जो राष्ट्रीय होने का दंभ इस देश में भर रहे हैं, वह हमारे सांस्कृतिक इतिहास को कलंकित ही करेंगे। अपने लोक और देश से विमुख व्यक्ति भारतीय नहीं हो सकता और भारतीयता से अपरिचित राष्ट्रीय कैसे ?
आचार्य रामचन्द्र शुक्ल के एक निबंध में यह बात बहुत सलीके से समझाई गई है- “यदि किसी को अपने देश से प्रेम है तो उसे अपने देश के मनुष्य, पशु, पक्षी, लता, गुल्म, पेड़, पत्तों, वन, पर्वत, नदी, निर्झर सबसे प्रेम होगा, सबको वह चाहभरी दृष्टि से देखेगा, सबकी सुध करके वह विदेश में आँसू बहाएगा। जो यह भी नहीं जानते कि कोयल किस चिड़िया का नाम है, जो यह भी नहीं सुनते कि चातक कहाँ चिल्लाता है, जो ऑंख भर यह भी नहीं देखते कि आम प्रणय सौरभपूर्ण मंजरियों से कैसे लदे हुए हैं, जो यह भी नहीं झाँकते कि किसानों के झोंपड़ों के भीतर क्या हो रहा है, वे यदि दस बने ठने मित्रों के बीच प्रत्येक भारतवासी की औसत आमदनी का परता बताकर देशप्रेम का दावा करें तो उनसे पूछना चाहिए कि, ‘भाइयों ! बिना परिचय का यह प्रेम कैसा? जिनके सुख दु:ख के तुम कभी साथी न हुए, उन्हें तुम सुखी देखना चाहते हो, यह समझते नहीं बनता। उनसे कोसों दूर बैठे बैठे, पड़े पड़े या खड़े खड़े, तुम विलायती बोली में अर्थशास्त्र की दुहाई दिया करो, पर प्रेम का नाम उसके साथ न घसीटो। प्रेम हिसाब किताब की बात नहीं है। हिसाब किताब करनेवाले भाड़े पर भी मिल सकते हैं पर प्रेम करनेवाले नहीं। हिसाब किताब से देश की दशा का ज्ञान मात्र हो सकता है। हित चिंतन और हित साधन की प्रवृत्ति इस ज्ञान से भिन्न है।”
दिनकर को जिस नजरिए से देख कर राष्ट्रीयता का पाठ पढ़ाया जा रहा है , दरअसल वही उनकी राष्ट्रीयता नहीं, बहुत सतही सुविधानुसार परिभाषा है। यह देखना बहुत जरूरी है कि राष्ट्रीयता आई कहाँ से है, उसका विस्तार कितना है। दिनकर की राष्ट्रीयता कुरुक्षेत्र, रश्मिरथी, परशुराम की प्रतीक्षा में एका-एक नहीं प्रकट हुई है, उसके पीछे और आगे भी भारतीयता और मनुष्यता के विराट स्वप्न निहित हैं।
आज हिंदी के कवि सम्मेलनों में ओज और पौरुष से चर्राए तमाम नर-पुंगव आप को गली-गली मिल जाएंगे, उनमें भारतीयता का लोप जितना अधिक होगा, उतना ही अधिक राष्ट्रीयता का कट्टर अभिमान। यह क्षुद्रताएँ समय की सतहों में कभी अपने निशान नहीं छोड़ पातीं, हाँ उनकी कलंकित दुर्घटना पीढ़ियों को भ्रष्ट कर जाती हैं।
आज देश को दिनकर की राष्ट्रीयता को समझने की बहुत जरूरत है। उनकी राष्ट्रीयता की जमीन वह तमाम कविताएं हैं जो बालक-वृद्ध, नर-नारी सबके लिए सहज अनुभूति से मनुष्यता के और निकट पहुंचती हैं, वह उन्हें स्मरण करते हैं।
दिनकर की कविताओं में- चाँद का कुर्ता, नमन करूँ मैं, सूरज का ब्याह, चूहे की दिल्ली यात्रा, कलम आज उनकी जय बोल, बालिका से बधू इत्यादि सैकड़ों ऐसी कविताएं हैं जो दिनकर की भारतीयता को राष्ट्रीयता तक लाती हैं। ‘चाँद का कुर्ता’ दिनकर की अत्यंत लोकप्रिय बाल कविता को देखिए, भारतीय बाल मन का कितना सहज और उदात्त चित्र है। दिनकर की भारतीयता यहाँ के जन-जीवन और प्रकृति में प्रेम और लगाव की है, इसी से हमारे सांस्कृतिक मूल्य बने हैं। दिनकर इन्हीं अर्थों में राष्ट्रीय है क्योंकि वह इससे पहले भारतीय हैं, भारतीय लोक के हैं, भारतीय जन के हैं।
कुमार कृष्णन